Ranchi News: रांची के एटीएम से पैसे उड़ाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, सट्टेबाजों से निकला कनेक्शन, खुले कई बड़े राज

Ranchi Police Action: रांची से एटीएम में डालने वाले रुपये लेकर एटीएम कंपनी के कर्मचारी गायब हो गए थे। रांची पुलिस ने घटना के मुख्य आरोपी समेत दो को पकड़ा है। पकड़े गए आरोपियों से 64 लाख रुपये बरामद किए गए हैं। पूर्व में भी दो आरोपी गिरफ्तार किए गए थे।

ranchi crime news
रांची में एटीएम के पैसे लेकर गायब होने वाले दो आरोपी कोलकाता से गिरफ्तार   |  तस्वीर साभार: Representative Image
मुख्य बातें
  • रांची में अलग-अलग एटीएम में डाले जाने वाले 1.81 करोड़ रुपये लेकर आरोपी फरार
  • बिहार और पश्चिम बंगाल से छापेमारी के दौरान आए पकड़ में
  • आरोपियों के पास से 64 लाख रुपये किए गए हैं बरामद

Ranchi Crime: रांची के अलग-अलग एटीएम में डाले जाने वाले 1.81 करोड़ रुपये के गबन करने के मामले में रांची पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। रांची पुलिस की टीम ने बिहार और प. बंगाल में छापेमारी कर इस घटना के मास्टरमाइंड सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों के पास से 64 लाख रुपये बरामद हुए हैं।

बता दें कि इस मामले में रांची पुलिस ने पहले भी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार आरोपियों से हुई पूछताछ में पुलिस को कई अहम जानकारी मिल गई थी। दरअसल यह पूरी चोरी सिर्फ सट्टा खेलने के लिए की गई थी, लेकिन सभी आरोपी रुपये सट्टेबाजी में हार गए थे। इसके बाद सभी रांची छोड़कर भाग गए थे। बता दें कि जानकारी के अनुसार पूर्व में गिरफ्तार आरोपी अतुल शर्मा को सट्टा खेलने का बहुत शौक था। दुबई की एक कंपनी की ओर से ऑनलाइन सट्टा खिलाया जाता है। एटीएम से पैसे चुराने के बाद दोनों आरोपी अमित और सुभाष अपराधी अतुल के पास पहुंच गए थे, सभी ने मिलकर एक करोड़ 11 लाख रुपये सट्टा में लगा दिए लेकिन वह सभी पैसे हार गए थे।

कोलकाता में पैसे पर किया ऐश

बता दें कि गिरफ्तार अरोपियों ने पुलिस के सामने यह खुलासा किया है कि वे लोग चोरी के पैसे से कोलकाता में जमकर मजे कर रहे थे। लगभग 10 लाख रुपये उन्होंने शराब पीने में और लड़कियों पर उड़ा दिए। कोलकाता के सोनागाछी इलाके में सभी आरोपियों ने लड़कियों के ऊपर जमकर पैसे उड़ाए थे। पूछताछ में आरोपियों ने यह भी जानकारी दी है कि पैसे चुराने के बाद वे लोग सबसे पहले बस से गया भागे थे, गया जाने के बाद वे लोग ट्रेन पकड़कर कोलकाता चले गए थे।

सट्टेबाजी के खेल के लिए गायब किए पैसे

मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सुभाष ने पुलिस को बताया है कि वह सिर्फ सट्टा में लगाए गए रकम का कलेक्शन करता है। इस सट्टेबाजी को दिल्ली से हैंडल किया जाता है। लेकिन सट्टा लगवाने वाला मुख्य शख्स दुबई में रहता है। आरोपी ने पुलिस को यह भी जानकारी दी कि दिल्ली में रहने वाले मुख्य संचालक से वह सीधे संपर्क करता था। सट्टे की राशि उसी के खाते में ट्रांसफर की जाती है। इसके बाद राशि दुबई भेज दी जाती है।

1 करोड़ रुपये अब भी सट्टेबाजों के पास

ज्ञात हो कि रांची के सिटी एसपी अंशुमान कुमार ने बताया है कि ऑनलाइन सट्टे में शामिल लोगों के पास एक करोड़ से अधिक की रकम चली गई है। उन लोगों के नाम पर केस दर्ज किया गया है। कोशिश की जा रही है कि वह पैसे भी जल्द से जल्द बरामद कर लिए जाएं। रांची पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पैसे गायब कर फरार चल रहे सीएमएस कंपनी के दो कस्टोडियन अमित कुमार मांझी और सुभाष  को गिरफ्तार कर लिया गया है। अमित कुमार मांझी को बिहार से जबकि सुभाष को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया गया है।
 

अगली खबर