BWF World Rankings: लक्ष्य सेन ने विश्व रैंकिंग में लगाई लंबी छलांग, पीवी सिंधू और किदांबी का ऐसा है हाल

स्पोर्ट्स
भाषा
Updated Mar 15, 2022 | 17:33 IST

Latest BWF World Rankings: लक्ष्य सेन ने विश्व रैंकिंग में लंबी छलांग लगाकर 11वां स्थान हासिल कर लिया है। वहीं. पीवी सिंधू अपने स्थान पर बरकरार हैं।

BWF World Rankings
लक्ष्य सेन, पीवी सिंधू और किदांबी श्रीकांत। (फाइल फोटो)  |  तस्वीर साभार: PTI
मुख्य बातें
  • बैडमिंटन वर्ल्ड फेडरेशन (बीडब्ल्यूएफ) विश्व रैंकिंग
  • युवा खिलाड़ी लक्ष्य सेन को रैंकिंग में फायदा हुआ
  • किदांबी श्रीकांत को एक स्थान का नुकसान उठा पड़ा

नई दिल्ली: उभरते हुए भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन मंगलवार को जारी नवीनतम बीडब्ल्यूएफ विश्व रैंकिंग में पुरुष एकल में 11वें स्थान पर पहुंच गए जबकि दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू महिला एकल में सातवें स्थान पर बरकरार हैं। लगातार अच्छे प्रदर्शन की बदौलत लक्ष्य ने पिछले कुछ महीनों में बीडब्ल्यूएफ रैंकिंग में लंबी छलांग लगाई है। पुरुष एकल में उनके अभी 70,086 अंक हैं। डेनमार्क के ओलंपिक चैंपियन विक्टर एक्सेलसन शीर्ष पर चल रहे हैं जबकि उनके बाद जापान के केंतो मोमोता और डेनमार्क के ही एंडर्स एंटोनसन का नंबर आता है। 

किदांबी श्रीकांत को हुआ नुकसान

भारत के किदांबी श्रीकांत एक स्थान के नुकसान से 12वें पायदान पर हैं। उनके 69,158 अंक हैं। बी साई प्रणीत एक स्थान के नुकसान से 19वें नंबर पर हैं। लक्ष्य पिछले छह महीने से बेहतरीन फॉर्म में हैं। वह पिछले हफ्ते जर्मनी ओपन में उप विजेता रहे जबकि उन्होंने इंडियन ओपन का खिताब जीता और पिछले साल दिसंबर में विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने में सफल रहे। पुरुष एकल में एचएस प्रणल और समीर वर्मा क्रमश: 24वें और 26वें स्थान पर हैं।

यह भी पढ़ें: पीवी सिंधू ने 'साइबर ट्रोलिंग' से निपटने का मंत्र दिया, बताया कैसे लेना चाहिए एक्शन

28वें स्थान पर हैं साइना नेहवाल 

महिला एकल में सिंधू 90,994 अंक के साथ सातवें स्थान पर बनी हुई हैं। एक अन्य ओलंपिक पदक विजेता भारतीय साइना नेहवाल 28वें स्थान पर हैं। पुरुष युगल में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी आठवें स्थान पर बने हुए हैं। एमआर अर्जुन और ध्रुव कपिला की जोड़ी 40वें नंबर पर है। महिला युगल में अश्विनी पोनप्पा और एन सिक्की रेड्डी की जोड़ी 19वें स्थान पर बरकरार है। अश्विनी और सात्विक की मिश्रित युगल जोड़ी 25वें पायदान पर है।

यह भी पढ़ें: इंडियन ओपन 2022 के फाइनल में छाए लक्ष्य सेन, विश्व चैंपियन को धूल चटाकर जीता खिताब

अगली खबर