CWG 2022 से पहले इंडिया को तगड़ा झटका, स्प्रिंटर धनलक्ष्मी समेत दो एथलीट डोप टेस्ट में फेल

Commonwealth Games 2022 Latest News: नाम न बताने की शर्त पर पीटीआई को आगे बताया, "धनलक्ष्मी एआईयू की ओर से किए गए डोप टेस्ट में पॉजिटिव मिली हैं। वह बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों के लिए नहीं जाएंगी।" 

CWG 2022, India, Sprinter S Dhanlaxmi
तस्वीर का इस्तेमाल सिर्फ प्रस्तुतिकरण के लिए किया गया है।  |  तस्वीर साभार: ANI
मुख्य बातें
  • इंग्लैंड के बर्मिंघम में इस साल होंगे कॉमनवेल्थ गेम्स
  • 28 जुलाई से आठ अगस्त, 2022 के बीच चलेगा ये खेल
  • गेम्स में जाने वाले एथलीट्स को PM ने दिया सक्सेस मंत्र

Commonwealth Games 2022 Latest News: कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 (राष्ट्रमंडल खेल 2022) से पहले भारत की उम्मीदों को तगड़ा झटका लगा है। ऐसा इसलिए, क्योंकि टॉप स्प्रिंटर (धावक) एस.धनलक्ष्मी समेत दो एथलीट डोप टेस्ट में फेल हो गए।

सूत्रों के हवाले से समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट में बुधवार (20 जुलाई, 2022) को बताया गया कि धनलक्ष्मी के विफल रहने के बाद उन्हें आगामी राष्ट्रमंडल खेलों से बाहर कर दिया गया है, जबकि दूसरा नाम ऐश्वर्या बाबू का है। नेशनल रिकॉर्ड होल्डर ट्रिपल जंपर (छलांग लगाने वाली) भी बैन पदार्थ से जुड़े टेस्ट में पॉजिटिव पाई गईं। 

24 साल की धनलक्ष्मी बर्मिंघम में होने वाले ग्रांड इवेंट के लिए 36 सदस्यों वाली भारतीय एथलेटिक्स टीम का हिस्सा थीं, पर विश्व एथलेटिक्स की एथलेटिक्स इंटीग्रिटी यूनिट (एआईयू) की ओर से विदेश में किए गए डोप टेस्ट (प्रतिबंधित स्ट्रेरॉयड के लिए) में वह पॉजिटिव मिली, जिसके बाद उन्हें लौटना पड़ा। 

मामले से जुड़े एक सूत्र ने नाम न बताने की शर्त पर पीटीआई को आगे बताया, "धनलक्ष्मी एआईयू की ओर से किए गए डोप टेस्ट में पॉजिटिव मिली हैं। वह बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों के लिए नहीं जाएंगी।" 

धनलक्ष्मी का नाम सीडब्ल्यूजी टीम में 100 मीटर और 4x100 मीटर रिले टीम में दुती चंद, हिमा दास और सरबनी नंदा के साथ शामिल किया गया था। यही नहीं, अमेरिका के यूजीन में विश्व चैंपियनशिप के लिए उन्हें भारतीय टीम में भी जगह मिली थी, मगर वीजा से जुड़ी दिक्कतों के चलते वह हिस्सा न ले सकी थीं। 

वहीं, सूत्र ने यह भी बताया, "नेशनल इंटर स्टेट चैंपियनशिप के दौरान लिया गया ट्रिपल जंपर का सैंपल पॉजिटिव मिला।" बाबू चेन्नई में 10-14 जून के बीच हुई नेशनल इंटर स्टेट सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में निर्विवाद स्टार के रूप में उभरी थीं। उन्होंने 14.14 मीटर के शानदार प्रयास के साथ ट्रिपल जंप नेशनल रिकॉर्ड तोड़ दिया था।

दरअसल, डोप टेस्ट एक तरह से इंसानी शरीर की जांच होती है, जिसमें यह पता लगाया जाता है कि कहीं खिलाड़ी/एथलीट अपने प्रदर्शन को बेहतर करने या बढ़ाने के लिए प्रतिबंधित ड्रग्स का इस्तेमाल तो नहीं कर रहा है। 

अगली खबर