बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों के पहले दिन भारतीय दल का ऐसा रहा प्रदर्शन

बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेल 2022 का पहला दिन भारतीय दल के लिए मिला जुला रहा। महिला क्रिकेट में भारत को बड़ी निराशा मिली। जानिए अन्य अहम खेलों में भारत का क्या रहा हाल।

Indian-Womens-Hockey-Team
भारतीय महिला हॉकी टीम (साभार Olympic Khe)  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • राष्ट्रमंडल खेलों के पहले दिन भारतीय महिला क्रिकेट टीम को मिली हार
  • बैडमिंटन, टेबल टेनिस, मुक्केबाजी और महिला हॉकी टीम ने की विजयी शुरुआत
  • शिवा थापा ने पाकिस्तान मुक्केबाज को पटखनी देकर की विजयी शुरुआत

बर्मिंघम: भारतीय दल ने 22वें राष्ट्रमंडल खेलों के पहले दिन विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं में मिला जुला प्रदर्शन किया। भारत को महिला क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबले में निराशा हाथ लगी। वहीं महिला हॉकी टीम ने जीत के साथ शुरुआत की। वहीं पदक की सबसे बड़ी दावेदार मानी जा रही बैडमिंटन और टेबल टेनिस टीनों ने भी शानदार शुरुआत की है। आईए जानते हैं राष्ट्रमंडल खेलों में पहले दिन भारतीय खिलाड़ियों और टीमों का कैसा रहा विभिन्न खेलों में हाल।

महिला क्रिकेट: 
भारतीय महिला क्रिकेट टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबले में 3 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शफाली वर्मा (48) और कप्तान हरमनप्रीत कौर(52) की धमाकेदार पारियों की बदौलत 20 ओवर में 156 रन का स्कोर खड़ा किया था। रेणुका सिंह की घातक गेंदबाजी की दमपर भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 49 रन पर 5 विकेट पर धकेल दिया था। लेकिन इसके बाद भी टीम को एश्ले गार्डनर की 52 कन की नाबाद पारी की वजह से हार का मुंह देखना पड़ा। ऑस्ट्रेलिया ने 19 ओवर में विजयी लक्ष्य 3 विकेट रहते हासिल कर लिया।

महिला हॉकी: 
भारतीय महिला हॉकी टीम को अपने पहले मुकाबले में घाना को 5-0 से मात देकर विजयी शुरुआत की। एकतरफा मुकाबले में भारत के लिए गुरजीत कौर ने सबसे अधिक 2 गोल किए। वहीं नेहा गोयल, संगीता कुमारी और सलीमा टेट ने एक एक गोल जड़ा। हाफ टाइम तक भारत ने 2-0 बढ़त हासिल कर ली थी। दूसरे हाफ में इसे 5-0 तक इसे पहुंचा दिया। भारतीय महिला टीम की शनिवार को वेल्स के साथ भिड़ंत होगी। 

बैडमिंटन मिश्रित टीम:
भारत ने पाकिस्तान को बैडमिंटन के मिश्रित टीम मुकाबले में 5-0 से मात देकर अपने अभियान की शुरुआत की। भारतीय टीम को पाकिस्तान को 5-0 से क्लीन स्वीप करने में जरा भी पसीना नहीं बहाना पड़ा। बी सुमित रेड्डी और माचिमांडा पोनप्पा की जोड़ी ने मिश्रित युगल मुकाबले में मुहम्मद इरफान सईद भट्टी और गजाला सिद्दीकी को मात देकर शुरुआत की। इसके बाद किदांबी श्रीकांत ने पुरुष एकल मुकाबले में मुराद अली को शिकस्त दी।

महिला एकल मुकाबले में पीवी सिंधू को महूर शहजाद को हराने में कोई परेशानी नहीं हुई। सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने मुराद अली और मोहम्मद इरफान सई भाटी को पराजित किया। वहीं अंत में महिला युगल में भारत की तृषा जॉली और गायत्री गोपीचंद ने माहूर शहजाद और गजाला सिद्दीकी की जोड़ी को मात देकर पाकिस्तान का सूपड़ा साफ कर दिया।

मुक्केबाजी:
अनुभवी मुक्केबाज शिवा थापा ने राष्ट्रमंडल खेलों में अपने अभियान का शानदार आगाज करते हुए पाकिस्तान के सुलेमान बलोच को हराकर 63.5 किलोवर्ग के प्री क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। थापा ने एकतरफा मुकाबला 5-0 से जीतकर वेल्टर वेट वर्ग के अंतिम आठ में जगह बनाई।

टेबल टेनिस: 
भारतीय पुरुष और महिला टेबल टेनिस टीमों ने राष्ट्रमंडल खेलों में अपने अभियान का आगाज लगातार दो-दो जीत के साथ किया।
दोनों टीमों ने अपने-अपने शुरुआती दो मैचों में एक समान 3-0 की जीत दर्ज की। पुरुष टीम ने पहले बारबडोस और फिर सिंगापुर को हराया तो वही महिला टीम ने दक्षिण अफ्रीका और फिजी को शिकस्त दी।

तैराकी:
भारतीय तैराक श्रीहरि नटराज पुरुषों की 100 मीटर बैकस्ट्रोक स्पर्धा के सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं। उन्होंने पुरुषों की 100 मीटर बैकस्ट्रोक स्पर्धा के सेमीफाइनल में 54.55 सेकंड के समय से सातवें स्थान पर रहकर फाइनल के लिये क्वालीफाई किया। वहीं साजन प्रकाश पुरुषों  की 50 मीटर बटरफ्लाय में आठवें स्थान पर रहते हुए खिताब की दौड़ से हुए बाहर। कुशाग्र रावत पुरुषों की 400 मीटर फ्रीस्टाइल में अपनी हीट में आखिरी स्थान पर रहे। वो भी पदक की दौड़ से बाहर हो गए। 

साइकिलिंग:
भारतीय पुरुष स्प्रिंट क्वालीफिकेशन में छठे स्थान पर रहते हुए पदक दौर में जगह नहीं बना सकी। महिला स्प्रिंट टीम क्वालीफाइंग दौर में सातवें स्थान के साथ पदक की दौड़ से बाहर हुई। भारतीय पुरुषों की 4000 मीटर पर्सूट टीम चार मिनट 12.865 सेकंड के समय के साथ क्वालीफिकेशन में छठे और आखिरी स्थान पर रही।

अगली खबर