ओडिशा के इस शहर में बनेगा भारत का सबसे बड़ा हॉकी स्टेडियम 

स्पोर्ट्स
भाषा
Updated Dec 24, 2020 | 16:54 IST

ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने गुरुवार को वीडियो संदेश के जरिए स्टील सिटी के नाम से विख्यात राउरकेला में भारत के सबसे बड़े हॉकी स्टेडियम के निर्माण का ऐलान किया।

 hocky
हॉकी 
मुख्य बातें
  • ओडिशा में बनेगा भारत का सबसे बड़ा हॉकी स्टेडियम
  • 20 हजार दर्शकों के बैठने की होगी व्यवस्था, 15 एकड़ में होगा निर्माण
  • इस मैदान पर खेले जाएंगे साल 2023 हॉकी विश्व कप के मैच

भुवनेश्वर: ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने गुरुवार को भारत का सबसे बड़ा हॉकी स्टेडियम राउरकेला में बनाये जाने की घोषणा की और 20, 000 दर्शक क्षमता वाले इस स्टेडियम में एफआईएच पुरुष विश्व कप 2023 के मैच खेले जायेंगे। करीब 15 एकड़ भूमि में फैला यह स्टेडियम बीजू पटनायक तकनीकी विश्वविद्यालय के परिसर में बनाया जायेगा।

पटनायक ने वीडियो संदेश में इसकी घोषणा करते हुए कहा, 'जैसा कि हम पहले ही बता चुके हैं कि ओडिशा एक बार फिर 2023 विश्व कप हॉकी का मेजबान होगा।'

टूर्नामेंट के मैच भुवनेश्वर, राउरकेला और सुंदरगढ में खेले जायेंगे। पटनायक ने कहा, 'भारतीय हॉकी को सुंदरगढ़ के योगदान के सम्मान स्वरूप मैं घोषणा करता हूं कि हम राउरकेला में नया अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम बनायेंगे जिसकी दर्शक क्षमता 20,000 होगी।'

उन्होंने कहा, 'इसमें तमाम आधुनिक सुविधायें होगी और मुझे उम्मीद है कि दुनिया में यह हॉकी के सर्वश्रेष्ठ स्टेडियमों में से एक होगा।' हाल ही में राज्य सरकार, अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ, खेल और युवा कार्य मंत्रालय और हॉकी इंडिया के अधिकारियों की एक उच्च स्तरी टीम ने राउरकेला का दौरा किया और बुनियादी ढांचे का जायजा लिया।


 

अगली खबर