FIH Ranking: भारतीय पुरुष हॉकी टीम को रैंकिंग में हुआ नुकसान, महिला टीम को एक स्थान का फायदा

स्पोर्ट्स
भाषा
Updated May 30, 2022 | 21:43 IST

Latest FIH World Rankingछ भारतीय पुरुष हॉकी टीम एफआईएच रैंकिंग में एक पायदान फिसल गई है। वहीं, भारत की महिला टीम को एक स्थान का फायदा हुआ है।

indian hockey team ranking
सांकेतिक फोटो  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • एफआईएच ने ताजा रैंकिंग जारी की है
  • ऑस्ट्रेलिया-नीदरलैंड शीर्ष पर काबिज हैं
  • भारतीय पुरुष टीम को हुआ नुकसान

नई दिल्ली: भारतीय पुरुष टीम अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) की सोमवार को जारी नवीनतम रैंकिंग में एक स्थान फिसल कर चौथे पायदान पर आ गई तो वहीं महिलाओं की टीम एक स्थान ऊपर चढ़कर छठे पायदान पर पहुंच गई। पुरुष और महिला वर्ग में क्रमश: ऑस्ट्रेलिया (2842.258) और नीदरलैंड (3049.495) की टीमें शीर्ष पर काबिज हैं।

पुरुष वर्ग में नीदरलैंड (2465.707) ने एफआईएच प्रो लीग में शानदार प्रदर्शन के दम पर तीसरे स्थान पर काबिज भारत (2366.990) को चौथे स्थान पर धकेल दिया। बेल्जियम (2764.735) की टीम दूसरे स्थान पर है। इस रैंकिंग में जर्मनी (2308.156) पांचवें जबकि हाल ही में फ्रांस और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जीत दर्ज करने वाली इंग्लैंड की टीम छठे (2171.354) स्थान पर पहुंच गई। अर्जेंटीना (2147.179) की टीम सातवें स्थान पर खिसक गई है। शीर्ष 10 में इसके बाद न्यूजीलैंड, स्पेन और मलेशिया का नंबर है।

महिलाओं की रैंकिंग में अर्जेन्टीना (26744.837) की टीम दूसरे जबकि ऑस्ट्रेलिया (2440.750), इंग्लैंड (2204.590) और जर्मनी (2201.085) की टीमें क्रमश: तीसरे, चौथे और पांचवें स्थान पर बनी हुए हैं। भारतीय टीम (2029.396) ने छठे स्थान पर स्पेन (2016.149) की जगह ली, जो सातवें पायदान पर खिसक गया। इसके बाद बेल्जियम, न्यूजीलैंड और जापान की टीम शीर्ष 10 में है।

अगली खबर