भारतीय महिला हॉकी टीम ने विश्‍व कप में लगातार दूसरा मुकाबला ड्रॉ खेला

स्पोर्ट्स
भाषा
Updated Jul 06, 2022 | 00:13 IST

India played draw against China: भारतीय महिला हॉकी टीम ने विश्‍व कप में लगातार दूसरा मुकाबला ड्रॉ खेला। चीन के खिलाफ भारत का मुकाबला 1-1 की बराबरी पर खत्‍म हुआ। भारतीय टीम अब न्‍यूजीलैंड का सामना करेगी।

India Women Hockey team
भारतीय महिला हॉकी टीम  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • भारत और चीन के बीच मुकाबला 1-1 से ड्रॉ हुआ
  • भारत ने इससे पहले इंग्‍लैंड के साथ मैच 2-2 से ड्रॉ कराया था
  • भारत को अपना आखिरी मैच न्‍यूजीलैंड से खेलना है

एम्सटेलवीन: मौकों को भुनाने में नाकाम रही भारतीय महिला हॉकी टीम ने विश्व कप के पूल बी में लगातार दूसरा ड्रॉ खेला और चीन के खिलाफ मंगलवार को मुकाबला 1-1 से बराबर रहा। इससे पहले भारत ने इंग्लैंड से भी 2-2 से ड्रॉ खेला था। अब आखिरी मैच में भारत को गुरुवार को न्यूजीलैंड से खेलना है।

टोक्यो ओलंपिक में चौथे स्थान पर रही भारतीय टीम के खिलाफ चीन की झेंग जियाली ने 26वें मिनट में गोल दागा। भारत के लिये बराबरी का गोल 45वें मिनट में वंदना कटारिया ने किया जब पेनल्टी कॉर्नर पर गुरजीत कौर के पास से गेंद उनकी स्टिक से टकराई। पहले दो क्वार्टर में गेंद पर नियंत्रण में भारत का पलड़ा भारी रहा और उसने कई मौके भी बनाये लेकिन गोल में नहीं बदल सके। 

दूसरी ओर चीनी खिलाड़ियों ने जवाबी हमले बोलकर भारतीय डिफेंस में सेंध लगाई। नौवें मिनट में नवनीत कौर ने गोल पर पहला हमला बोला जिसे चीनी गोलकीपर लियू पिंग ने बचा लिया। भारत 23वें मिनट में गोल करने के करीब पहुंचा, लेकिन गेंद गोलपोस्ट से टकरा गई। रिबाउंड पर ज्योतिका ने गोल किया लेकिन रेफरल के बाद उसे अमान्य करार दिया गया।

भारत को इसके तुरंत बाद पेनल्टी कॉर्नर मिला जो बेकार गया। हाफटाइम तक चीन ने एक गोल की बढत बना ली थी। दूसरे हाफ में भारत को 42वें मिनट में लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर मिले लेकिन गोल नहीं हो सका।

अगली खबर