भारतीय मुक्केबाज सुमित सांगवान डोपिंग टेस्ट में फेल, एक साल के लिए निलंबित

स्पोर्ट्स
Updated Dec 26, 2019 | 22:20 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

भारतीय बॉक्सर सुमित सांगवान डोपिंग टेस्ट में फेल हो गए हैं और उनको एक साल के लिए निलंबित कर दिया गया है। गुरुवार को इसका ऐलान किया गया।

Sumit Sangwan
Sumit Sangwan  |  तस्वीर साभार: Twitter

नई दिल्ली: पूर्व एशियाई रजत पदक विजेता मुक्केबाज सुमित सांगवान पर डोप टेस्ट में नाकाम रहने के कारण राष्ट्रीय डोपिंग निरोधक एजेंसी (नाडा) ने एक साल का प्रतिबंध लगा दिया है। लंदन ओलंपिक 2012 में भाग ले चुके सांगवान पहले 91 किलोवर्ग में खेलते थे। उन्हें ओलंपिक क्वालीफायर ट्रायल खेलना था लेकिन उन पर प्रतिबंध तुरंत प्रभाव से लागू हो गया है।

नाडा के डीजी नवीन अग्रवाल ने ट्वीट किया, ‘प्रतिबंधित पदार्थ के सेवन के दोषी सुमित सांगवान पर तुरंत प्रभाव से एक साल का प्रतिबंध लगा दिया गया है।’ सांगवान का नमूना 10 अक्टूबर को लिया गया था जिसमें डायूरेटिक्स और ‘मास्किंग एजेंट’ के अंश पाये गए थे।

1 जनवरी 1993 को जन्मे 26 वर्षीय सुमित सांगवान को 'ओलंपिक गोल्ड क्वेस्ट' का समर्थन मिला था। जब वो 11 साल के थे, तभी से उन्होंने मुक्केबाजी का अभ्यास शुरू कर दिया था। वो राज्य से राष्ट्रीय स्तर तक 16 साल की उम्र में पहुंच गए थे। अप्रैल 2012 में अस्ताना में एशियाई ओलंपिक क्वालीफायर में गोल्ड जीतने के बाद वो पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आए थे।

अगली खबर