FIH Pro-League में भारतीय महिला हॉकी टीम ने अमेरिका को 4-0 से हराया, पदार्पण सत्र में तीसरे स्थान पर रहीं

स्पोर्ट्स
भाषा
Updated Jun 23, 2022 | 11:06 IST

IND vs USA, FIH Pro League: एफआईएच प्रो-लीग के अपने पहले सीजन में छाप छोड़ते हुए भारतीय महिला हॉकी टीम ने अमेरिका को 4-0 से मात दी और टूर्नामेंट में तीसरे स्थान पर कब्जा जमाया।

India vs USA
भारत बनाम अमेरिका (Hockey India)  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • एफआईएच प्रो-लीग
  • भारतीय महिला हॉकी टीम की अमेरिका पर बड़ी जीत
  • अमेरिका को हराकर तीसरे स्थान पर रही भारतीय महिला हॉकी टीम

भारतीय महिला हॉकी टीम ने दो चरण के मुकाबले के दूसरे एकतरफा मैच में अमेरिका को बुधवार को यहां 4-0 से हराकर एफआईएच प्रो लीग में अपने पदार्पण सत्र में तीसरा स्थान हासिल किया। भारतीय टीम ने मंगलवार को पहले मैच में अमेरिका को 4-2 से हराया था।

भारत की ओर से वंदना कटारिया (39वें और 54वें मिनट) ने दो गोल दागे जबकि सोनिका (54वें) और संगीता कुमारी (58वें मिनट) ने एक-एक गोल किया।
अर्जेन्टीना की टीम पहले ही खिताब अपने नाम कर चुकी है जबकि नीदरलैंड की टीम दूसरे स्थान पर रही।

अमेरिका ने दूसरे ही मिनट में मैच का पहला मौका बनाया लेकिन एलिजाबेथ यीगर के दमदार शॉट को भारतीय कप्तान और गोलकीपर सविता ने नाकाम कर दिया। शर्मिला देवी ने इसके बाद गोल करने का स्वर्णिम मौका गंवाया जब वह काफी करीब से अमेरिकी गोलकीपर को छकाने में नाकाम रहीं।

सलीमा टेटे ने दाएं छोर से कई मौके बनाए लेकिन पहले क्वार्टर में कोई गोल नहीं हुआ। भारत ने दूसरे क्वार्टर में 23वें मिनट में पहला पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया लेकिन यह बर्बाद हो गया। भारत को इसके बाद दो और पेनल्टी कॉर्नर मिले लेकिन टीम गोल नहीं कर सकी जिससे मध्यांतर तक स्कोर 0-0 रहा।

मध्यांतर के बाद पेनल्टी कॉर्नर पर नवनीत कौर के शॉट को अमेरिकी गोलकीपर केल्सी बिंग ने रोक दिया। भारत ने 39वें मिनट में बढ़त बनाई जब पांचवें पेनल्टी कॉर्नर पर गुरजीत कौर की फ्लिक को वंदना ने गोल की राह दिखाई। नवनीत ने इसके बाद बेहद आसान मौका गंवाया।

भारत ने हालांकि चार मिनट में तीन गोल दागकर मैच अपनी झोली में डाला। सबसे पहले वंदना ने दाएं छोर से मौका बनाते हुए गोल किया और फिर कुछ सेकेंड बाद सोनिया ने गोल कर दिया। सविता ने 57वें मिनट में मैदानी गोल करके स्कोर 4-0 किया। इस जीत से नीदरलैंड और स्पेन की सहमेजबानी में एक से 17 जुलाई तक होने वाले महिला विश्व कप से पहले भारत का आत्मविश्वास बढ़ेगा।

अगली खबर