दुखद: नहीं रहीं मिल्खा सिंह की पत्नी, खुद आईसीयू में होने की वजह से अंतिम संस्कार में नहीं जा सके

Milkha Singh Wife Nirmal Kaur dies: दिग्गज भारतीय धावक मिल्खा सिंह की पत्नी निर्मल कौर नहीं रहीं। वह पिछले कुछ समय से कोरोना से जूझ रही थीं।

Milkha Singh Wife Nirmal Kaur
मिल्खा सिंह और निर्मल कौर  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • मिल्खा सिंह की पत्नी कोरोना से जंग हार गईं
  • निर्मल कौर का रविवार को निधन हो गया
  • मिल्खा सिंह फिलहाल आईसीयू में भर्ती हैं

महान भारतीय फर्राटा धावक मिल्खा सिंह की पत्नी निर्मल कौर का कोरोना वायरस के कारण निधन हो गया। उन्होंने रविवार को  मोहाली के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली।  85 वर्षीय निर्मल पिछले महीने वायरस की चपेट में आई थीं। मिल्खा सिंह अपनी पत्नी के अंतिम संस्कार में नहीं जा सके, क्योंकि वह खुद कोरोना के चलते आईसीयी में भर्ती हैं। बता दें कि निर्मल भारतीय महिला वॉलीबॉल टीम की कप्तान रही हैं। इसके अलावा उन्होंने पंजाब सरकार में स्पोर्ट्स डायरेक्टर (महिलाओं के लिए) के पद की भी जिम्मेदारी निभाई थी।

'मिल्खा परिवार की रीढ़ की हड्डी की तरह थीं निर्मल'

मिल्खा सिंह के परिवार के प्रवक्ता की ओर से जारी बयान में कहा गया, 'हमें आपको यह सूचित करते हुए अत्यंत दुख हो रहा है कि श्रीमती निर्मल मिल्खा सिंह का कोविड-19 के खिलाफ बहादुरी से लड़ने के बाद आज शाम चार बजे निधन हो गया।' उन्होंने बताया, 'वह मिल्खा परिवार की रीढ़ की हड्डी की तरह थीं। वह 85 वर्ष की थीं। यह दुखद है कि फ्लाइंग सिख मिल्खा सिंह जी आज शाम ही हुए दाह संस्कार में शामिल नहीं हो सके क्योंकि वे अभी भी आईसीयू (चंडीगढ़ में पीजीआईएमईआर) में हैं।' 

26 मई को निर्मल को अस्पताल में भर्ती कराया गया था

मिल्खा को कोविड-निमोनिया के कारण मोहली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसी अस्पताल में दो दिन बाद 26 मई को निर्मल को भी भर्ती कराया गया था। एक हफ्ते बाद परिवार के अनुरोध पर मिल्खा सिंह को छुट्टी दे दी गई लेकिन निर्मल खतरनाक संक्रमण के कारण अस्पताल में ही रही। घर में स्थिति बिगड़ने के बाद मिल्खा सिंह को यहां के पीजीआईएमईआर की गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती कराया गया। उनकी स्थिति अभी 'स्थिर है और इसमें सुधार जारी है।' गौरतलब है कि फ्लाइंग सिख के नाम से मशहूर मिल्खा सिंह और निर्मल कौर की 1960 रोम ओलंपिक के बाद शादी हुई थी।

अगली खबर