नीरज चोपड़ा का धमाल जारी, कुओर्तान गेम्स में किया स्वर्ण पदक पर कब्जा

भारत के स्टार एथलीट नीरज चोपड़ा ने एक बार फिर धमाल मचाते हुए फिनलैंड में चल रहे कुओर्तान गेम्स में स्वर्ण पदक पर कब्जा कर लिया है।

Neeraj-Chopra
नीरज चोपड़ा 
मुख्य बातें
  • टोक्यो ओलंपिक के बाद नीरज चोपड़ा ने जीता पहला स्वर्ण
  • 86.69 मीटर दूरी तक भाला फेंककर किया गोल्ड पर कब्जा
  • पावो नूरमी खेलों में 89.30 मीटर दूरी तक भाला फेंककर जीता था रजत

कुओर्तान(फिनलैंड): भारत के स्टार एथलीट नीरज चोपड़ा ने एक बार फिर धमाल मचाते हुए फिनलैंड में चल रहे कुओर्तान गेम्स में स्वर्ण पदक पर कब्जा कर लिया है। यह नीरज चोपड़ा का ओलंपिक खेलों के बाद पहला गोल्ड है। शनिवार को उन्होंने 86.69 मीटर दूरी तक भाला फेंकते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। स्पर्धा में कोई खिलाड़ी नीरज चोपड़ा के बराबर थ्रो नहीं फेंक सका और उन्होंने स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया।

पावो नूरामी खेलों में बनाया नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड 
टोक्यो ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा चोपड़ा ने ओलंपिक खेलों के बाद पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा में शिरकत करते हुए फिनलैंड में ही आयोजित पावो नूरमी खेलों में 89.30 मीटर तक भाला फेंककर नया राष्ट्रीय विश्व रिकॉर्ड बनाया और रजत पदक अपने नाम किया था। 

2012 के ओलंपिक विजेता रहे दूसरे पायदान पर 
24 वर्षीय नीरज चोपड़ा ने 86.69 मीटर थ्रो के साथ शुरुआत की। उनका यही थ्रो स्वर्ण पदक दिलाने वाला साबित हुआ। त्रिनिदाद और टोबैगो के साल 2012 के ओलंपिक विजेता केशोर्न वालकोर्ट दूसरे स्थान पर रहे। उन्होंने 86.64 मीटर दूरी तक थ्रो फेंका। पीटर्स 84.75 मीटर की दूरी के साथ तीसरे स्थान पर रहे। 

अगली खबर