Sania Mirza in Wimbledon: सानिया मिर्जा की शानदार वापसी, बेथनी के साथ विंबलडन 2021 के दूसरे दौर में पहुंचीं

स्पोर्ट्स
भाषा
Updated Jul 01, 2021 | 23:10 IST

Wimbledon 2021, Women's Doubles, Sania Mirza: भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा अपनी जोड़ीदार बेथनी माटेक सैंड्स के साथ विंबलडन 2021 के महिला डबल्स के दूसरे राउंड में पहुंच गई हैं।

Sania Mirza
Sania Mirza  |  तस्वीर साभार: AP, File Image
मुख्य बातें
  • सानिया मिर्जा और बेथनी माटेक सैंड्स की जोड़ी विंबलडन में आगे बढ़ी
  • सानिया-बेथनी को जीड़ी ने छठी वरीय जोड़ी को हराकर दूसरे राउंड में जगह बनाई
  • विंबलडन 2021 के महिला डबल्स वर्ग में सानिया मिर्जा से भारतीय फैंस को खिताब की उम्मीद

सानिया मिर्जा और अमेरिका की उनकी जोड़ीदार बेथानी माटेक सैंड्स ने डेसिरे क्राउजिक और एलेक्सा गुआराची की छठी वरीय जोड़ी को हराकर उलटफेर करते हुए गुरुवार को यहां विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट के महिला युगल के दूसरे दौर में जगह बनाई। सानिया और बेथानी ने धीमी शुरुआत के बाद लय हासिल कर ली और पहले दौर में मुकाबले में अमेरिका और चिली की जोड़ी को एक घंटा और 27 मिनट में 7-5 6-3 से हराया।

रोहन बोपन्ना और दिविज शरण हालांकि पुरूष युगल वर्ग के पहले ही दौर में एडुआर्ड रोजर वेसलीन और हेनरी कोटिनेन से 6 . 7, 4 . 6 से हारकर बाहर हो गए । दोनों ने तोक्यो ओलंपिक के लिये जोड़ी बनाई थी लेकिन क्वालीफाई नहींक र सके। सानिया और बेथानी पर मैच की शुरुआत में ही दबाव आ गया जब तीसरे गेम में बेथानी की सर्विस पर सात बार ड्यूस हुआ। अमेरिकी खिलाड़ी ने तीन डबल फॉल्ट किए लेकिन तीन ब्रेक प्वाइंट बचाने के बाद अपनी सर्विस भी बचा ली।

सानिया और बेथानी को भी विरोधी की सर्विस तोड़ने का मौका मिला जब अमेरिकी खिलाड़ी ने नेट पर वॉली पर अंक बनाने का मौका गंवा दिया। बायें हाथ की खिलाड़ी डेसिरे ने इसके बाद शानदार सर्विस करते हुए अपनी सर्विस बचाई। एलेक्सा ने 12वें गेम में 15-30 पर सर्विस करते हुए फोरहैंड बाहर मारकर विरोधी जोड़ी को दो सेट प्वाइंट दिए और सानिया ने स्मैश के साथ पहला सेट जीत लिया।

दूसरे सेट में सानिया और बेथानी ने एक बार फिर एलेक्सा की सर्विस तोड़कर 3-1 की बढ़त बनाई जिसके बाद इस जोड़ी को सेट और मैच जीतने में कोई परेशानी नहीं हुई। अंकिता रैना गुरुवार को ही अमेरिका की अपनी जोड़ीदार लॉरेन डेविड के साथ उतरेंगी। यह पहली बार होगा जब ग्रैंडस्लैम के मुख्य ड्रॉ में दो भारतीय महिला खिलाड़ी खेलेंगी।

अंकिता लगातार तीसरे ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट में खेल रही हैं। उन्होंने इसी साल आस्ट्रेलियाई ओपन के साथ ग्रैंडस्लैम में पदार्पण किया था। सानिया 2005 से ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंटों में भारत का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। इससे पहले भारतीय-अमेरिकी शिखा ओबेरॉय ने 2004 में अमेरिकी ओपन के महिला एकल के लिए क्वालीफाई किया था और जापान की साओरी ओबाता के खिलाफ पहले दौर का मुकाबला जीता भी था लेकिन इसके बाद वीनस विलियम्स से हार गई।

शिखा इसके बाद कभी ग्रैंडस्लैम के मुख्य ड्रॉ में जगह नहीं बना सकी। निरूपमा वैद्यनाथन 1998 में आस्ट्रेलियाई ओपन में जगह बनाने के बाद ग्रैंडस्लैम मुख्य ड्रॉ में खेलने वाली पहली महिला एकल खिलाड़ी बनी थी। निरूपमा मांकड़ 1971 में आनंद अमृतराज के साथ विंबलडन के मिश्रित युगल में खेली थी।

अगली खबर