पुर्तगाल की धमाकेदार जीत, एंडोरा को 7-0 से रौंदा, रोनाल्डो ने भी किया गोल

स्पोर्ट्स
आईएएनएस
Updated Nov 12, 2020 | 20:09 IST

Portugal vs Andorra: पुर्तगाल और एंडोरा के बीच खेला गया दोस्ताना मैच पुर्तगाल ने 7-0 से जीता। इस बड़ी जीत में स्टार पुर्तगाली खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो का भी योगदान रहा।

Portugal vs Andorra
पुर्तगाल बनाम एंडोरा  |  तस्वीर साभार: AP

लिस्बन: पुर्तगाल ने एक बार फिर से शानदार प्रदर्शन करते हुए एक दोस्ताना मैच में एंडोरा को 7-0 से करारी मात दी। पुर्तगाल की इस बड़ी जीत में क्रिस्टीयानो रोनाल्डजो का भी एक गोल शामिल है। बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार को खेले गए इस मैच में पुर्तगाल के लिए अपना पदार्पण मैच खेल रहे फॉरवर्ड पेद्रो नीटो ने आठवें, डियास फर्नाडीज ने 29वें और 61वें, रेनाटो सांचेज ने 56वें, गार्सिया मिरामोंटेस ने 76वें मिनट में आत्मघाती गोल, रोनाल्डो ने 85वें और सकीरा ने 88वें मिनट में गोल किए।

इस गोल के साथ ही रोनाल्डो ने सर्वाधिक अंतर्राष्ट्रीय गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बनने की दिशा में एक और कदम बढ़ा दिया है। 35 वर्षीय रोनाल्डो पुर्तगाल के लिए अब तक 102 गोल कर चुके हैं और अब वह सर्वाधिक अंतर्राष्ट्रीय गोल करने के मामले में ईरान के अली डायर से केवल सात ही गोल पीछे हैं।

रोनाल्डो ने इस साल पुर्तगाल के लिए 100वां गोल किया था और वह ऐसा करने वाले पहले यूरोपियन खिलाड़ी बने थे। उधर, एक अन्य मुकाबले में बेल्जियम ने स्विट्जरलैंड को 2-1 से हरा दिया।

अगली खबर