Thailand Masters: साइना नेहवाल की शिकस्‍त के साथ भारतीय चुनौती समाप्‍त

Saina Nehwal lost in opening round of Thailand Masters: साइना को डेनमार्क की होजमार्क जार्सफेल्ट के हाथों शिकस्‍त सहनी पड़ी। यह मुकाबला 47 मिनट तक चला।

saina nehwal
साइना नेहवाल 

बैंगकॉक: शीर्ष भारतीय शटलर साइना नेहवाल फिर पहले राउंड में ही हारी और इसी के साथ बुधवार को थाईलैंड मास्‍टर्स में भारतीय चुनौती भी समाप्‍त हो गई। साइना को डेनमार्क की होजमार्क जार्सफेल्ट के हाथों शिकस्‍त सहनी पड़ी। पांचवीं वरीय साइना को गैर-वरीय जार्सफेल्‍ट ने 13-21, 21-17, 15-21 से मात दी। यह मुकाबला 47 मिनट तक चला। विश्‍व नंबर-18 साइना का बुधवार को मैच से पहले जार्सफेल्‍ट के खिलाफ रिकॉर्ड 4-0 था। 

साइना की हार के साथ ही बीडब्‍ल्‍यूएफ वर्ल्‍ड टूर सुपर 300 इवेंट में भारत का अभियान भी समाप्‍त हो गया। साइना पिछले सप्‍ताह इंडोनेशिया मास्‍टर्स के भी पहले ही राउंड में हारकर बाहर हो गई थीं। इससे पहले मलेशिया मास्‍टर्स में वह क्‍वार्टरफाइनल तक पहुंची थीं। वहीं पुरुष सिंगल्‍स में किदांबी श्रीकांत, समीर वर्मा और एचएस प्रणय भी पहले दौर की बाधा को पार नहीं कर सके।

भारतीय शटलर्स का खराब फॉर्म लगातार जारी है। इससे पहले इंडोनेशिया और मलेशिया मास्‍टर्स में भारतीय शटलर्स का प्रदर्शन काफी फीका रहा था। वर्मा को महज 39 मिनट तक चले मैच में मलेशिया के ली जि जिया ने 21-16, 21-15 से हराया। पांचवीं वरीयता प्राप्त श्रीकांत को इंडोनेशिया के शेसार हिरेन रूस्तावितो ने 12-21, 21-14, 21-12 से शिकस्त दी। यह इस सत्र में लगातार तीसरी बार श्रीकांत की पहले दौर में हार थी। प्रणय को मलेशिया के लियू डिरेन से 17-21, 22-20, 19-21 से हार का सामना करना पड़ा।
 

अगली खबर