टोक्‍यो ओलंपिक्‍स के गोल्‍ड मेडलिस्‍ट नीरज चोपड़ा परम विशिष्ट सेवा मेडल से होंगे सम्‍मानित

Neeraj Chopra awarded the Param Vishisht Seva Medal: टोक्‍यो ओलंपिक्‍स में जेवलिन थ्रो स्‍पर्धा में गोल्‍ड मेडल जीतने वाले नीरज चोपड़ा को परम विशिष्‍ट सेवा मेडल से सम्‍मानित किया जाएगा। केंद्र सरकार ने 384 लोगों को वीरता पुरस्‍कार देने का ऐलान किया।

neeraj chopra
नीरज चोपड़ा 
मुख्य बातें
  • नीरज चोपड़ा को पर‍म विशिष्‍ट सेवा मेडल से सम्‍मानित किया जाएगा
  • केंद्र सरकार ने 384 लोगों को वीरता पुरस्‍कार देने का ऐलान किया
  • 12 शौर्य चक्र, 29 परम विशिष्ट सेवा मेडल का ऐलान, 4 उत्तम युद्ध सेवा, 53 अति विशिष्ट सेवा मेडल का ऐलान

टोक्‍यो ओलंपिक्‍स में जेवलिन थ्रो स्‍पर्धा का गोल्‍ड मेडल जीतने वाले नीरज चोपड़ा को परम विशिष्‍ट सेवा मेडल से सम्‍मानित किया जाएगा। गणतंत्र दिवस के एक दिन पहले केंद्र सरकार ने 384 लोगों को वीरता पुरस्‍कार देने का ऐलान किया। राष्‍ट्रपति रामनाथ कोविंद की तरफ से वीरता पुरस्‍कारों के नामों को मंजूरी दे दी गई है। इस‍ लिस्‍ट में कुल 384 लोगों के नामों का ऐलान हुआ है। सरकार की ओर से जारी इस ल‍िस्‍ट में नीरज चोपड़ा का नाम भी शामिल है।

घोषणा के मुताबिक इसमें 12 शौर्य चक्र और 29 परम सेवा विशिष्‍ट सेवा मेडल, 13 युद्ध सेवा मेडल, 122 विशिष्‍ट सेवा मेडल, 4 उत्‍तम युद्ध सेवा मेडल और 3 अति विशिष्‍ट सेवा मेडल शामिल है। कुल 384 लोगों को वीरता पुरस्‍कार देने की घोषणा की गई है।

इससे पहले विभिन्न केंद्रीय और राज्य पुलिस बलों के कर्मियों के लिए केंद्र सरकार द्वारा मंगलवार को वीरता के लिए 189 सहित कुल 939 सेवा पदकों की घोषणा की गई। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने वीरता के लिए पुलिस पदक, विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक और मेधावी सेवा के लिए पुलिस पदक से सम्मानित कर्मियों के नाम वाली एक सूची प्रकाशित की। 

189 वीरता पुरस्कारों में से अधिकांश, 134 कर्मियों को जम्मू और कश्मीर क्षेत्र में उनकी वीरता के लिए सम्मानित किया जा रहा है। 47 कर्मियों को वामपंथी उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों में वीरतापूर्ण कार्रवाई के लिए और 01 व्यक्ति पूर्वोत्तर क्षेत्र में वीरतापूर्ण कार्रवाई के लिए सम्मानित किया जा रहा है। 

वीरता पुरस्कार प्राप्त करने वाले कर्मियों में जम्मू-कश्मीर पुलिस से 115, सीआरपीएफ से 30, आईटीबीपी से 03, बीएसएफ से 02, एसएसबी से 03, छत्तीसगढ़ पुलिस से 10, ओडिशा पुलिस से 09 और महाराष्ट्र पुलिस से 07 और शेष अन्य राज्यों/केन्द्र शासित प्रदेशों से हैं।

जीवन रक्षा पदक श्रृंखला पुरस्कार 2021 प्रदान करने की मंजूरी

इसके अलावा राष्ट्रपति ने 51 व्यक्तियों को जीवन रक्षा पदक श्रृंखला पुरस्कार - 2021 प्रदान करने की मंजूरी दी है। इनमें 6 को सर्वोत्तम जीवन रक्षा पदक, 16 को उत्तम जीवन रक्षा पदक और 29 व्यक्तियों को जीवन रक्षा पदक शामिल हैं। पांच को मरणोपरांत पदक प्रदान किया गया है।

अगली खबर