महान फुटबॉलर पेले ने 50 साल पहले आज ही के दिन जमाया था करियर का 1000वां गोल

स्पोर्ट्स
Updated Nov 19, 2019 | 15:22 IST

पेले ने तब पेनल्‍टी को गोल में तब्‍दील करते हुए गोल किया था और उन्‍हें टीम के साथियों ने अपने कंधे पर उठाकर मैदान का चक्‍कर लगाया था। पेले ने गोल करने के तुरंत बाद फुटबॉल को हाथ में उठाया और उसे चूमा।

साउ पाउलो: ब्राजील के महान स्‍ट्राइकर पेले ने आज ही के दिन 50 साल पहले यानी 19 नवंबर 1969 को अपने करियर का 1000वां गोल दागा था। अपने पसंदीदा क्‍लब सांतोस की तरफ से खेलते हुए वास्‍को डी गामा के खिलाफ रियो डी जेनेरियो के प्रसिद्ध माराकाना स्‍टेडियम में 10 नंबर की जर्सी पहने पेले ने गोल किया था। पेले ने तब पेनल्‍टी को गोल में तब्‍दील करते हुए गोल किया था और उन्‍हें टीम के साथियों ने अपने कंधे पर उठाकर मैदान का चक्‍कर लगाया था। पेले ने गोल करने के तुरंत बाद फुटबॉल को हाथ में उठाया और उसे चूमा। पेले के कई फोटोग्राफ लिए गए और पत्रकारों ने उन्‍हें चारों तरफ से घेरे रखा। ब्राजील को दो विश्‍व कप (1958 और 1962) खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले पेले ने जब 1000वां गोल किया तब उनकी उम्र महज 29 साल थी।

पेले ने हाल ही में मजाक किया था कि अगर वीएआर तकनीक तब होती तो शायद उन्‍हें पेनल्‍टी नहीं मिलती। करीब 65 हजार दर्शक ऐतिहासिक माराकाना स्‍टेडियम में मौजूद थे, जब पेले ने यह कीर्तिमान स्‍थापित किया था। वैसे, पेले ने आधिकारिक रूप से कितने गोल किए हैं, इसकी गिनती अब तक नहीं हुई है। अंतरराष्‍ट्रीय फुटबॉल शोध वेबसाइट आरएसएसएसएफ के मुताबिक पेले ने 831 आधिकारिक मैचों में 767 गोल दागे हैं। इसका मतलब यह हुआ कि वह विश्‍व में सबसे ज्‍यादा गोल करने के मामले में तीसरे स्‍थान पर हैं।

चेक स्‍ट्राइकर जोसेफ बिकन 530 मैचों में 805 गोल के साथ पहले जबकि ब्राजील को 1994 विश्‍व कप दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले रोमारियो 994 मैचों में 772 गोल के साथ दूसरे स्‍थान पर काबिज हैं। पेले के करीब मौजूदा पीढ़ी के स्‍टार स्‍ट्राइकर्स क्रिस्टियानो रोनाल्‍डो 1018 मैचों में 724 गोल और लियोनेल मेसी 890 मैचों में 708 गोल हैं।

अगली खबर