यूं अंधा बनाता है प्रदूषण- लॉकडाउन में पंजाब से दिखने लगे हिमाचल के पहाड़

लॉकडाउन की वजह से वायु प्रदूषण के स्तर में तेज गिरावट के बाद सैकड़ों किलोमीटर दूर से हिमाचल के पहाड़ दिखाई दिए हैं। ऐसा बीते एक दशक में पहली बार हुआ है।

Jalandhar sees far away Himachal mountain ranges amid lockdown after pollution reduced
लॉकडाउन में सैकड़ों किलोमीटर दूर से दिखे पहाड़ 
मुख्य बातें
  • पंजाब से नजर आ रहे हैं हिमाचल प्रदेश के पहाड़, लोगों को दिखा दुर्लभ नजारा
  • एक पीढ़ी के बाद पहली बार दिखी ऐसी कुदरती खूबसूरती
  • लॉकडाउन के चलते प्रदूषण के स्तर में आई भारी गिरावट, साफ हुई हवा

जालंधर: पंजाब के शहर जालंधर के लोगों को 21 दिन के लॉकडाउन के बीच शहर से दूर की कुदरती खूबसूरती नजर आ रही है।कोरोना वायरस के फैलते संक्रमण को रोकने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से राष्ट्रव्यापी बंद को लागू किया गया था लेकिन इस बीच प्रकृति की मुस्कान भी देखने को मिल रही है। जालंधर के लोगों को दशकों में पहली बार हिमाचल प्रदेश की धौलाधार पर्वत श्रृंखला का नजारा दिखा है जो शहर से 213 किलोमीटर की दूरी पर हैं।

कई निवासियों ने अपने घरों की छत से वीडियो और तस्वीरें लेकर सोशल मीडिया पर इन्हें पोस्ट किया है। लॉकडाउन के कारण वायु प्रदूषण के स्तर में भारी गिरावट को यह प्राकृतिक नजारा दिखने की मुख्य वजह माना जा रहा है। वरिष्ठ नागरिकों का कहना है कि ऐसा लगभग एक पीढ़ी के बाद हुआ है जब हिमाचल के पहाड़ शहर से दिखाई दे रहे हैं।

हिमाचल प्रदेश टूरिज्म ने इस बारे में ट्वीट करते हुए लिखा, 'लॉकडाउन के कारण वायु प्रदूषण के स्तर में नाटकीय गिरावट के बाद जालंधर के निवासियों को दिखा बर्फ से ढके पहाड़ों का नजारा। वरिष्ठ नागरिकों का कहना है कि यह लगभग एक पीढ़ी के बाद है कि पहाड़ शहर से दिखाई दे रहे हैं।'

दिल्ली सहित 90 शहरों में पिछले कुछ दिनों में न्यूनतम वायु प्रदूषण दर्ज किया गया है। भारत में लगभग 130 करोड़ लोग इस समय सबसे बड़े लॉकडाउन के तहत घरों में हैं, कोरोनो वायरस के प्रकोप को देखते हुए लोगों से घर में रहने के लिए कहा गया है

अब तक देश में इस महामारी से 60 से अधिक लोग मारे गए हैं और देश में लगभग 3,000 लोग संक्रमित हुए हैं। सरकार ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने का आग्रह किया है, जिससे देश भर में यातायात की आवाजाही में भारी कमी आई है।

अगली खबर