VIDEO: अब भी शवों के बीच हो रहा मरीजों का इलाज, नितेश राणे ने BMC पर साधा निशाना

KEM hospital viral Video: मुंबई के केईएम अस्पताल में लाश के पास मरीजों का इलाज हो रहा है। बीजेपी विधायक नितेश राणे ने इसका वीडियो शेयर किया है।

KEM hospital
Video Grab  

मुंबई: मुंबई के अस्पतालों में खराब व्यवस्था और लापरवाही के हालात बरकरार हैं। यहां के एक अस्पतालों में अब भी शवों के बीच मरीजों का इलाज हो रहा है। हाल ही में वीडियो सामने आया था कि मुंबई के सायन अस्पताल में मरीजों के वॉर्ड में शव रखे हुए थे। शवों के नजदीक ही मरीजों का इलाज चल रहा था। अब केईएम अस्पताल का वीडियो सामने आया है जिसमें ऐसे ही हालत नजर आ रहे हैं। केईएम अस्पताल का यह वीडियो पूर्व मुख्यमंत्री नारायण राणे के बेटे और बीजेपी विधायक नितेश राणे ने पोस्ट किया है। उन्होंने साथ ही बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) पर निशाना साधा है। 

क्या बोले नितेश राणे?

वीडियो पर बरसते हुए नितेश राणे ने कहा कि लगता है कि बीएमसी अभी भी सुधार करना नहीं चाह रही है। राणे ने वीडियो को अपने ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट से शेयर करते हुए लिखा, 'सोमवार सुबह 7 बजे केईएम अस्पताल! मुझे लगता है बीएमसी चाहती है कि मरीजों के इलाज के दौरान हमें उनके आस-पास शवों को देखने की आदत हो जाए, क्योंकि वे अभी भी सुधार करना नहीं चाहते हैं! स्वास्थ्यकर्मियों के लिए भी बुरा महसूस हो रहा है। उन्हें ऐसी परिस्थितियों में काम करना पड़ रहा है। क्या कोई उम्मीद है?'

दयनीय हालत बयान करता वीडियो

अस्पताल का यह वीडियो वहां की दयनीय हालत को बयान करता है। वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे मरीजों के बिस्तर के नजदीक शव रखे हुए हैं। वहीं, वॉर्ड में मरीजों के रिश्तेदार भी मौजूद हैं। इसके अलावा सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन नहीं हो रहा है। इतना ही नहीं कुछ लोग फर्स पर भी बैठे हुए नजर आ रहे हैं। गौरतलब है कि राणे ने कुछ दिन पहले भी मुंबई के एक अस्पताल का वीडियो शेयर किया था जहां मरीजों के बगल में मृत मरीजों की लाश रखी गई हुई थी। इस वीडियो को लेकर काफी हड़कंप मचा था। उन्होंने कहा था कि यह कैसा एडमिनिस्ट्रेशन है बेहद शर्मनाक।

अगली खबर