इस देश में महिलाओं को एक से ज़्यादा पति रखने का प्रस्ताव पेश, रूढ़िवादी तबके ने किया कड़ा विरोध

दक्षिण अफ्रीकी सरकार के एक प्रस्ताव से इन दिनों वहां हलचल मची हुई है। प्रस्ताव के मुताबिक महिलाएं अब एक से ज्यादा पति रख सकती है।

South Africa Mulls Allowing Women To Marry Multiple Men, Conservatives aren't happy
इस देश में महिलाओं को एक से ज़्यादा पति रखने के प्रस्ताव पेश 

नई दिल्ली: दक्षिण अफ्रीका में पहले से ही पुरुषों को एक से अधिक शादी करने का अधिकार प्राप्त है और अब यहां महिलाओं को भी एक से ज्यादा पति रखने की कानूनी अनुमति देने का प्रस्ताव रखा जा रहा है। प्रस्ताव के मुताबिक अब महिलाएं भी एक से ज्यादा पति रख सकती हैं। लेकिन प्रस्ताव के आते ही इसका विरोध शुरू हो गया है और रूढ़िवादे तबके ने इस प्रस्ताव की तीखी आलोचना करते हुए इसे समाज को नष्ट करने वाला बताया है।

संसद में पेश हुआ प्रस्ताव

एक से अधिक पति रखने का यह प्रस्ताव दक्षिण अफ्रीका के गृह विभाग ने रखा जो दक्षिण अफ्रीका की संसद में विचाराधीन है। सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, इस प्रस्ताव से देश में तीव्र बहस शुरू हो गई है। इस तथ्य के बावजूद कि पुरुषों को यहां बहुविवाह (एक से अधिक पत्नी) की अनुमति है, फिर भी रूढ़िवादी पुरुष इसका विरोध कर रहे हैं। अफ्रीकी विशेषज्ञों की मानें तो इससे महिलाओं को समान वैवाहिक स्वतंत्रता का सुख मिलेगा और देश के रूढ़िवादी लोगों को झटका लगेगा। 

विपक्ष ने किया विरोध

द इंडिपेंडेंट की एक रिपोर्ट के अनुसार, विपक्ष के नेता अफ्रीकन क्रिश्चियन डेमोक्रेटिक पार्टी (एसीडीपी) के केनेथ मेशो ने कहा कि प्रस्तावित कानून में अगर महिलाओं को समान विवाह अधिकार दिए गए तो यह 'समाज को नष्ट कर देगा'। दक्षिण अफ्रीका का संविधान दुनिया के सबसे उदार संविधानों में से एक माना जाता है। इस संविधान में सभी के लिए समलैंगिक विवाह और पुरुषों के लिए बहुविवाह को अपनाया गया है।

जिनकी चार बीबियां हैं वो भी कर रहे हैं विरोध

बिजनेसमैन और टीवी हस्ती मूसा मसेलेकु जिनकी खुद चार पत्नियां हैं वो भी भी महिलाओं में बहुविवाह का विरोध कर रहे हैं। बीबीसी के मुताबिक, मूसा कहते हैं, 'इससे अफ़्रीकी संस्कृति नष्ट हो जाएगी। उन लोगों के बच्चों का क्या होगा? वे अपनी पहचान कैसे जान पाएँगे? महिलाएं पुरुषों की जगह नहीं ले सकती। ऐसे कभी नहीं सुना गया है। क्या महिलाएं अब पुरुषों के लिए लोबोला (दुल्हन की क़ीमत) देंगी?'

अगली खबर