कर्मचारियों के लिए सरकार ने किया बड़ा ऐलान, 3 हफ्तों में मिलेगा प्रमोशन लेटर!

1 जुलाई 2022 से डीओपीटी ने एक ही बार में तीन प्रमुख सचिवालय सेवाओं से संबंधित 8,089 से अधिक सरकारी कर्मचारियों को बड़े पैमाने पर प्रमोशन दिया था।

DoPT is ready for giving promotion to next lot of officers
प्रमोशन पर सरकार ने कही ये बड़ी बात, जल्‍द मिल सकती है गुड न्यूज (Pic: iStock) 
मुख्य बातें
  • कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग (DoPT) जल्द ही कर्मचारियों को बड़ा तोहफा दे सकता है।
  • सरकार अगले दो से तीन हफ्तों में पदोन्नति की घोषणा कर सकती है।
  • सरकार प्रमोशन की प्रक्रिया में तेजी लाने का प्रयास कर रही है।

नई दिल्ली। केंद्र सरकार (Central Government) जल्‍द ही कर्मचारियों को बड़ी खुशखबरी दे सकती है। 1 जुलाई 2022 को 8,000 से भी ज्यादा केंद्रीय अधिकारियों को प्रमोशन (Promotion) देने के बाद अब एक बार फिर से कई अधिकारियों को तोहफा मिल सकता है। इस संदर्भ में केंद्रीय कार्मिक एवं लोक शिकायत राज्‍यमंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि अगले दो से तीन हफ्तों में प्रमोशन की घोषणा की जाएगी।

पीआईबी ने एक रिपोर्ट में बताया कि मंत्री महोदय ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि उनकी पदोन्नति के मामलों में भी नियमानुसार तेजी लाई जाएगी, क्योंकि इस पदोन्नति से पहले अधिकारियों के लिए एक वर्ष से 18 महीने तक के प्रशिक्षण का अनिवार्य प्रावधान है। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल से कहा कि वे उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करेंगे और पदोन्नति देने में आने वाली बाधाओं को दूर किया जाएगा।

पदोन्‍नति को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिखाई रुचि
आगे जितेंद्र सिंह ने कहा कि, सरकारी कर्मचारियों का बिना किसी पदोन्नति के सेवा से रिटायर हो जाना निराशाजनक है और उन्होंने इस पूरे मामले में व्यक्तिगत रुचि लेने के लिए प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि अब से सभी भावी पदोन्नतियां सुव्यवस्थित हो जाएंगी क्योंकि ऐसे 8,089 कर्मचारियों को पदोन्नति देने में सभी कानूनी बाधाओं को सुलझा लिया गया है, जिसमें 4,734 सीएसएस से, 2,966 सीएसएसएस से और 389 सीएससीएस से हैं।

पिछले दो महीनों में केंद्रीय सचिवालय सेवा (CSS), केंद्रीय सचिवालय आशुलिपिक सेवा (CSSS) और केंद्रीय सचिवालय लिपिक सेवा (CSCS) से संबंधित कर्मचारियों के प्रमोशन के आदेश जितेंद्र सिंह की अध्यक्षता में हुई कई उच्च-स्तरीय बैठकों के बाद जारी किए गए थे। जितेंद्र सिंह ने याद किया कि तीन साल पहले, डीओपीटी ने विभिन्न विभागों में विभिन्न स्तरों पर लगभग 4,000 अधिकारियों की बड़े पैमाने पर पदोन्नति की थी और जिसकी व्यापक रूप से सराहना की गई थी। (इनपुट्स- पीआईबी)

अगली खबर