Varanasi News: शादी के बाद ससुराल जा रही दुल्हन प्रेमी संग हुई फरार, देखता रह गया दूल्हा, यह है पूरा मामला

Varanasi Police: वाराणसी में एक दूल्हे के सारे अरमान तब धुल गए जब वह अपनी दुल्हन को लेकर घर जा रहा था। शादी के बाद ससुराल जाते समय दुल्हन ने रास्ते में गाड़ी रुकवाई और प्रेमी की दूसरी गाड़ी में बैठकर रफूचक्कर हो गई। दूल्हा कार में बैठकर दुल्हन की राह देखता रह गया।

 varanasi crime news
वाराणसी में शादी के बाद ससुराल जा रही दुल्हन प्रेमी के साथ फरार (प्रतीकात्मक तस्वीर)  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • वाराणसी के जंसा क्षेत्र का है मामला
  • जिस लड़की की हुई शादी, उसका पहले से था प्रेम संबंध
  • ससुराल जाते समय कार रुकवाकर प्रेमी की कार से हुई फरार

Varanasi Crime: आपने फिल्मों में तो देखा ही होगा कि, दुल्हन ससुराल जाते समय रास्ते में प्रेमी के साथ बाइक पर बैठकर या फिर कार से फरार हो जाती है। ऐसा ही प्रकरण वाराणसी के एक दूल्हे को झेलना पड़ा है। वाराणसी के जंसा क्षेत्र की लड़की बलुआ क्षेत्र के गांव में अपनी ससुराल जाते समय प्रेमी के साथ फरार हो गई। दूल्हा उसका इंतजार करता रह गया। दुल्हन के भागने के बाद दूल्हे ने इसकी सूचना ससुराल वालों को दी। मामले में पुलिस ने किसी तरह की तहरीर मिलने से इनकार किया है।

कहानी थोड़ी फिल्मी है। वाराणसी में यह फिल्मी घटना घटित हुई है। पूरे जंसा इलाके में मामले की चर्चा हो रही है। लोगों का कहना है कि, ऐसा सिर्फ बॉलीवुड की फिल्मों में देखने को मिलता था अब यह सब बनारस में ही हो रहा है।

ये था पूरा मामला

मिली जानकारी के अनुसार, वाराणसी के जंसा क्षेत्र से शादी के बाद ससुराल जा रही नई-नवेली दुल्हन रास्ते में प्रेमी के साथ फरार हो गई। दूल्हे ने इस प्रकरण की जानकारी दुल्हन के स्वजन को दी तो वो भी चौंक गए। बता दें कि, जंसा क्षेत्र के एक गांव की युवती का विवाह रात को बड़ागांव के बलुआ (कुड़ी) के युवक के साथ हुआ था। बड़ी धूमधाम से बरात आई थी। इसके बाद को सुबह में विदाई की रस्म हुई थी। इसके बाद दूल्हे के साथ कार में सवार होकर दुल्हन ससुराल के लिए चल दी।

प्रेमी को रिश्तेदार बता दुल्हन फरार

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, ससुराल जाते समय गांव से कुछ दूर निकलने पर एक पुलिया के समीप सामने से एक कार आकर दूल्हे की कार के पास रुक गई। दुल्हन ने दूल्हे को बताया कि, कार सवार उसका रिश्तेदार है। उससे मिलने की बात कहकर दुल्हन गाड़ी से नीचे उतरी और दूसरी कार में बैठ गई। इसके बाद तो पलक झपकते ही कार वहां से एकदम गायब हो गई। बता दें कि, कार सवार दुल्हन को लेकर बड़ागांव की ओर चला गया। इस बात की चर्चा है कि, जिस युवती की शादी हुई है उसका एक युवक के साथ प्रेम संबंध था। दोनों प्रेमी युगल एक-दूसरे के साथ रहना चाहते थे लेकिन लड़की के स्वजन ने इसकी इजाजत नहीं दी। मौका पाकर दोनों फरार हो लिए। इस प्रकरण में जंसा थाना प्रभारी प्रेम नारायण विश्वकर्मा ने बताया कि, घटना की उन्हें जानकारी नहीं है अगर तहरीर मिलती है तो उचित कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।

Varanasi News in Hindi (वाराणसी समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर