Fulvaria Fourlane: वाराणसी में फुलवरिया फोरलेन की एक लेन दो महीने में होगी शुरू, लाखों लोगों को मिलेगा फायदा

Varanasi Fulvaria Fourlane: वाराणसी में एक और फोरलेन सड़क शुरू होने वाली है। हालांकि इसकी एक लेन पर ही अभी आवागमन बहाल होगा। सड़क का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। पूरी फोरलेन सड़क दिसंबर में शुरू किए जाने की उम्मीद है।

Phulwaria Fourlane will be operational in two months
दो महीने में शुरू होगा फुलवरिया फोरलेन (प्रतीकात्मक तस्वीर)  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • दोनों लेन के पिलर का काम हो चुका है पूरा, स्टील बीम समेत सभी उपकरण आ गए
  • निर्माण के लिए रेल प्रशासन से अनुमति नहीं मिलने के चलते कार्य प्रभावित हुआ
  • अब रेलवे से एनओसी जारी होते ही सेतु निगम ने एजेंसी को तेजी से काम करने का दिया निर्देश

Varanasi Fulvaria Fourlane: निर्माणाधीन फुलवरिया फोरलेन दिसंबर तक बनकर तैयार हो जाएगा। इसकी दोनों लेन पर दिसंबर से वाहन फर्राटा भरने लगेंगे। वहीं, अगली दो महीने के अंदर फोरलेन की एक लेन शुरू होने वाली है। इस पर वाहनों का परिचालन शुरू कर दिया जाएगा। इस बारे में सेतु निगम के उप निदेशक प्रबंधक सूरज गर्ग का कहना है कि, दोनों आरओबी के पिलर का काम पूरा करा लिया गया है। स्टील बीम समेत सभी उपकरण आ गए हैं। 

रेलवे प्रशासन से अनुमति नहीं मिलने के कारण निर्माण कार्य में तेजी नहीं आ रही थी। अब रेलवे से एनओसी मिल जाने पर सेतु निगम ने कार्यकारी एजेंसी को काम में तेजी लाने को कहा है। बता दें, गेट नंबर चार के रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के लिए एनओसी का पेच फंसा था। अब यहां आरओबी का जल्द ही निर्माण पूरा कराया जाना है।

एजेंसी ने संसाधन बढ़ाकर काम किया शुरू

सेतु निगम से कार्य में तेजी लाने का निर्देश मिलने के बाद मेरठ की जेसीएल एजेंसी ने अपने संसाधनों में इजाफा करके निर्माण कार्य में तेजी लाना शुरू कर दिया है। कंपनी की कोशिश है कि, दो महीने के अंदर ही एक लेन को पूरी तरह बना दिया जाए। इधर, दूसरी लेन का भी काम जारी रहेगा। दोनों रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के पास स्टील बीम समेत अन्य सामान आ गए हैं। 

राष्ट्रीय रेल संरक्षा कोष वित्त पोषक के तहत हो रहा निर्माण

राष्ट्रीय रेल संरक्षा कोष वित्त पोषक के तहत फुलवरिया फोरलेन सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। सेतु निगम के उप निदेशक प्रबंधक सूरज गर्ग ने बताया कि, बौलिया पर गेट नंबर चार तक काम हो चुका है। चार नंबर गेट पर स्टील बीम का काम करने से पहले मोड़ पर ढलाई की जाएगी। 

फोरलेन सड़क 5.3 किलोमीटर लंबी होगी

यह फोरलेन सड़क 5.3 किलोमीटर लंबी होगी। इसके निर्माण के लिए काफी जमीन का अधिग्रहण किया गया। जमीन अधिग्रहण के लिए 110 करोड़ रुपए मुआवजा दिया गया। सड़क के निर्माण पर कुल 50 करोड़ रुपए खर्च होने हैं। इसके अतिरिक्त लहरतारा फुलवरिया-शिवपुर समपार चार पर आरओबी बनाया जाना है। इन आरओबी की लंबाई 627.280 मीटर रहेगी। इसके निर्माण पर 88.45 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इसी तरह लहरतारा फुलवरिया-शिवपुर समपार पांच पर आरओबी बनेगा। इसकी लंबाई 643.630 मीटर रहेगी। इसके निर्माण पर 52.60 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इसका निर्माण कार्य अप्रैल 2019 में शुरू हुआ था। 

Varanasi News in Hindi (वाराणसी समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर