Varanasi: सीएम योगी आदित्यनाथ का निर्देश- शीतलहर में खुले आसमान के नीचे कोई न सोए

वाराणसी समाचार
Updated Dec 22, 2020 | 22:37 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

Varanasi: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी में काशी विश्वनाथ कॉरिडोर प्रोजेक्ट के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।

Yogi Adityanath
योगी आदित्यनाथ  |  तस्वीर साभार: ANI

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार यानी 21 दिसंबर को वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन पूजन के पश्चात काशी विश्वनाथ मंदिर धाम परियोजना के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री जी ने मौके पर मौजूद कार्यदायी संस्था के अभियंताओं से कार्य की प्रगति के सम्बन्ध में विस्तार से जानकारी ली तथा युद्ध स्तर पर अभियान चलाकर कार्य को प्रत्येक दशा में पूरा कराए जाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री जी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि शीतलहर में खुले आसमान के नीचे कोई न सोए। ऐसे लोगों को तत्काल रैन बसेरों में शिफ्ट कराया जाए। उन्होंने शहर में स्थापित अन्य रैन बसेरों के विषय में भी जानकारी ली। सीएम योगी ने मैदागिन स्थित टाउन हॉल में बनाए गए रैन बसेरे के निवासियों को कम्बल वितरित किए तथा उनसे रैन बसेरे की व्यवस्था के सम्बन्ध में जानकारी ली। रैन बसेरे की व्यवस्थाओं के सम्बन्ध में इसके निवासियों ने संतोष जताया।

विकास कार्यों की समीक्षा

सीएम ऑफिस ने जानकारी दी कि काशी विश्वनाथ मन्दिर धाम परियोजना का कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। इस परियोजना को अगस्त, 2021 में पूर्ण कर लिया जाएगा। 1,354.67 करोड़ रुपए की परियोजना वाराणसी रिंग रोड फेज-2 का कार्य तेजी से संचालित है। इस परियोजना का लगभग 25 फीसदी कार्य पूर्ण हो चुका है। विगत 5-6 वर्षों में जनपद वाराणसी में व्यापक रूप से सड़कों का चौड़ीकरण हुआ है। 806 करोड़ रुपए की लागत से सुल्तानपुर-वाराणसी 4-लेन चौड़ीकरण की परियोजना मार्च, 2021 में पूर्ण हो जाएगी। वाराणसी में हजारों करोड़ रुपए के उल्लेखनीय एवं ऐतिहासिक विकास कार्य तेजी से हुए हैं। इसी माह 146 करोड़ रुपए लागत की परियोजनाएं पूर्ण हो जाएंगी। 186 करोड़ रुपए लागत का कन्वेंशन सेंटर ‘रुद्राक्ष’ मार्च, 2021 में पूर्ण हो जाएगा। बी.एच.यू. में 107.36 करोड़ रुपए का आई.यू.सी.टी.ई. भवन, 121.26 करोड़ रुपए का आवासीय भवन, 200 कमरे का महिला छात्रावास, कैंसर हॉस्पिटल, बी.एच.यू. में डॉक्टर व नर्सेज हेतु हॉस्टल आदि परियोजनाओं के कार्य जून से सितम्बर, 2021 तक पूर्ण हो जाएंगे।

इसके अलावा मुख्यमंत्री योगी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी, वाराणसी से जनपद में कोविड-19 के मरीजों के उपचार तथा कोरोना वैक्सीनेशन की तैयारियों के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कोल्ड चेन आदि की व्यवस्था पहले से ही सुनिश्चित कराए जाने के निर्देश भी दिए।

Varanasi News in Hindi (वाराणसी समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर