आर्युवेद और होम्योपैथी से ठीक हुए कोरोना संक्रमित प्रिंस चार्ल्स, बेंगलुरु में हुआ इलाज: केंद्रीय मंत्री

ब्रिटिश शाही परिवार के सदस्य प्रिंस चार्ल्स के कोरोना वायरस से ठीक होने के बारे में केंद्रीय मंत्री ने दावा किया है। उनके अनुसार बेंगलुरु में राजकुमार का इलाज आयुर्वेद और होम्योपैथी से किया गया है।

UK Prince Charles
प्रिंस चार्ल्स 
मुख्य बातें
  • कोरोना से संक्रमित हुए प्रिंस चार्ल्स को लेकर केंद्रीय मंत्री ने किया दावा
  • आर्युवेद और होम्योपैथी से ठीक हुए ब्रिटेन के राजकुमार
  • बेंगलुरु के रिजॉर्ट में चला इलाज, आयुष राज्य मंत्री ने डॉक्टर से की बात

लंदन: ब्रिटेन के राजकुमार चार्ल्स कोरोना वायरस का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आया था और केंद्रीय मंत्री ने दावा किया है कि उन्हें आयुर्वेद और होम्योपैथी उपचार के जरिए ठीक किया गया है। केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री श्रीपद नाइक ने गुरुवार को यह दावा किया है। नाइक ने कहा कि ब्रिटिश सिंहासन के 71 वर्षीय वारिस में हल्के लक्षण दिखाई देने के बाद, उन्हें आइसोलेट कर दिया गया था और उनका इलाज बेंगलुरु स्थित रिसोर्ट SOUKYA से किया गया था।

केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री ने बताया, 'मुझे डॉ. इसहाक मथाई का फोन आया, जो बेंगलुरु में SOUKYA आयुर्वेद रिसॉर्ट चलाते हैं। उन्होंने मुझे बताया कि आयुर्वेद और होम्योपैथी के माध्यम से प्रिंस चार्ल्स का इलाज सफल रहा है।'

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रिंस चार्ल्स के इलाज के लिए डॉ. मथाई की ओर से इस्तेमाल की जाने वाली उपचार प्रक्रिया का अध्ययन करने के लिए उनके मंत्रालय द्वारा एक टास्क फोर्स का गठन किया गया है। नाइक ने कहा कि डॉ. मथाई को उपचार प्रक्रिया पर एक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है।

प्रिंस चार्ल्स और उनकी पत्नी कैमेला, डचेस ऑफ कॉर्नवॉल ने स्कॉटलैंड में खुद को क्वारंटाइन कर लिया था। प्रिंस की पत्नी कैमेला का COVID-19 बीमारी का टेस्ट निगेटिव आया था लेकिन एहतियात के तौर पर उन्हें आइसोलेट रखा गया।

पिछले हफ्ते, यूके के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन और ब्रिटेन के स्वास्थ्य सचिव मैट हैनकॉक के कोरोना वायरस से पीड़ित होने की पुष्टि हुई थी। गौरतलब है कि पूरी दुनिया और यूरोप में कोरोना वायरस के भयंकर संकट से ब्रिटेन भी अछूता नहीं है। यहां प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन, शाही परिवार और सरकार सहित कई अहम पदों पर मौजूद लोग तक चपेट में आ गए हैं।

यूरोप में कोरोना संक्रमण के पांच लाख से अधिक मामलों की पुष्टि हुई है। सूत्रों के आधार पर समाचार एजेंसी एएफपी के मुताबिक इस महाद्वीप में कोरोना वायरस के 508,271 मामले दर्ज किये गये हैं और 34,571 लोगों की मौत हुई है। दुनिया में वायरस के 9,40,815 मामले सामने आये हैं और 47,836 लोगों की मौत हुई है।

अगली खबर