अमेरिका में बेहद क्रूर हो रहा कोरोना, न्यूयॉर्क में पिछले 24 घंटे में 731 की मौत, अब तक 5489 की गई जान

Coronavirus deaths in New York: अमेरिका के न्यूयॉर्क में एक दिन में 731 लोगों की मौत कोरोना वायरस से हो चुकी है। ये एक दिन में सबसे ज्यादा हैं। न्यूयॉर्क में कोरोना वायरस से अभी तक 5489 लोगों की मौत हो चुकी है।

new york
अमेरिका में कोरोना से 10 हजार से ज्यादा मौतें  |  तस्वीर साभार: AP

नई दिल्ली: अमेरिका में कोरोना वायरस से मौतों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। इसके न्यूयॉर्क शहर में कोरोना से सबसे ज्यादा मौतें हो रही हैं। पिछले 24 घंटों में न्यूयॉर्क में कोरोना वायरस से 731 लोगों की मौत हो गई है। यहां मृतकों की कुल संख्या 5489 हो गई है। एक दिन में हुईं ये सबसे ज्यादा मौतें हैं। इससे पहले शुक्रवार को सबसे ज्यादा 630 लोगों की मौत हुई थी। अमेरिका में 10,000 से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं। अमेरिका में कोरोना से पॉजिटिव केस 3,60,000 से ज्यादा हैं।

न्यूयॉर्क में कोरोना से पहली मौत 14 मार्च को हुई थी, इसके बाद लगातार इसमें बढ़ोतरी हुई है। सोमवार को बताया गया कि मृतकों में 61 प्रतिशत पुरुष और 39 प्रतिशत महिलाएं हैं। मरने वालों में 63% 70 वर्ष या उससे अधिक उम्र के थे, जबकि 7% 49 या उससे कम उम्र के थे।

न्यूयॉर्क के गवर्नर एंड्रयू क्यूमो ने लॉकडाउन 29 अप्रैल तक बढ़ा दिया है। सोमवार को क्युमो ने कहा कि राज्य में कोविड-19 के मामलों की संख्या में वृद्धि जारी है और कुल मिलाकर न्यूयॉर्क में 130,000 से अधिक लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। 16,000 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, 13,000 लोगों को छुट्टी दे दी गई। सोमवार को मरने वालों की संख्या 599 थी।

क्यूमो ने हाल ही में कहा था कि न्यूयॉर्क राज्य में अभी भी वेंटिलेटर की कमी हो रही है। चीनी सरकार और न्यूयॉर्क में चीनी जनरल कांसुलेट की मदद में अलीबाबा पब्लिक वेलफेयर फाउंडेशन और जो त्सई फाउंडेशन आदि ने न्यूयॉर्क राज्य को 1000 वेंटिलेटर दान किए। क्यूमो ने चीन को और न्यूयॉर्क में चीनी महावाणिज्य दूतावास का आभार व्यक्त किया और कहा कि ये महामारी से लड़ने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। क्यूमो ने तब कहा था कि न्यूयॉर्क राज्य में महामारी की गंभीरता अभी भी बढ़ रही है और अगले 5 से 8 दिनों में शीर्ष पर पहुंचने की उम्मीद है। 

अगली खबर