MH-60R हेलीकॉप्‍टर्स की भारतीय रंगों में पहली तस्‍वीर सामने आई, बढ़ेगी नौसेना की ताकत

रक्षा क्षेत्र की अग्रणी अमेरिकी कंपनी लॉकहीड मार्टिन ने पहली बार MH-60R हेलीकॉप्‍टर्स की तस्‍वीर भारतीय रंगों में साझा की, जिसकी पहचान 'दुनिया के सबसे उन्नत समुद्री हेलीकॉप्टर' के तौर पर है।

MH-60R हेलीकॉप्‍टर्स की भारतीय रंगों में पहली तस्‍वीर, दुनिया के उन्नत समुद्री हेलीकॉप्टर की है पहचान
MH-60R हेलीकॉप्‍टर्स की भारतीय रंगों में पहली तस्‍वीर सामने आई, बढ़ेगी नौसेना की ताकत  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • अमेरिकी फर्म लॉकहीड मार्टिन ने MH-60 रोमियो मल्टी-रोल हेलीकॉप्टर की पहली तस्वीर भारतीय रंगों में साझा की
  • भारत ने अमेरिकी कंपनी से 2.6 बिलियन डॉलर का करार किया है, जिसके तहत 24 MH-60R हेलीकॉप्टर्स खरीदे जाएंगे
  • अमेरिकी कंपनी द्वारा निर्मित ये हेलीकॉप्टर्स भारतीय नौसेना में ब्रिटेन निर्मित सी किंग हेलीकॉप्टर्स की जगह शामिल किए जाएंगे

वाशिंगटन : अमेरिका में रक्षा क्षेत्र की अग्रणी कंपनी लॉकहीड मार्टिन ने आज भारतीय नौसेना के लिए MH-60 रोमियो मल्टी-रोल हेलीकॉप्टर की पहली तस्वीर भारतीय रंगों में साझा की। भारत ने इसके लिए अमेरिकी कंपनी से 2.6 बिलियन डॉलर का करार किया है, जिसके तहत भारतीय नौसेना के लिए लॉकहीड मार्टिन से 24 MH-60 रोमियो हेलीकॉप्टर खरीदे जाएंगे।

ये हेलीकॉप्टर्स युद्धपोतों, विध्वंसकों, क्रूजर्स और विमान वाहक पोत से संचालित किए जा सकेंगे। MH-60R की पहचान 'दुनिया के सबसे उन्नत समुद्री हेलीकॉप्टर' के तौर पर है। दुनियाभर में फिलहाल 300 से अधिक MH-60R हेलीकॉप्टर्स का संचालन हो रहा है। अमेरिकी नौसेना में यह खुले समुद्र और समुद्री क्षेत्रों के लिए पनडुब्बी रोधी हथियार प्रणाली के रूप में तैनात है।

कई तरह की क्षमताओं से लैस हैं MH-60R हेलीकॉप्‍टर्स

पनडुब्बियों को निशाना बनाने के साथ-साथ जहाजों का पीछा करने और समुद्र में खोज एवं बचाव कार्यों के संचालन के लिए डिजाइन किए गए लॉकहीड मार्टिन द्वारा निर्मित हेलीकॉप्टर्स भारतीय नौसेना के बेड़े में ब्रिटेन निर्मित सी किंग हेलीकॉप्टर्स की जगह शामिल किए जाएंगे।

लॉकहीड मार्टिन की आधिकारिक वेबसाइट में उपलब्ध विवरण के अनुसार MH-60R हेलीकॉप्टर्स पानी के भीतर दुश्मनों का पता लगाने, दुश्मन के खतरों का पता लगाने और उससे निपटने, खतरे से निपटने के लिए अन्य सक्षम एजेंसियों के साथ सूचना साझा करने, मिशन में आसानी से बदलाव, जहाजों पर रहते हुए और समुद्र तटों से भी संचालन, बहुआयामी कार्य, भारी सामान उठाने, प्रतिकूल मौसम में भी पूरी क्षमता से काम करने जैसी विशेषताओं से लैस हैं।

वहीं, विश्‍लेषकों के अनुसार, यह नौसेना का सबसे सक्षम हेलीकॉप्टर है जो युद्धपोतों, विध्‍वंसकों, क्रूजर्स और विमान वाहक पोतों से संचालित करने के लिए उपलब्ध है। MH-60R Seahawk को नौसेना के हेलीकॉप्टर कॉन्सेप्ट ऑफ ऑपरेशंस की आधारशिला माना जाता है।

अगली खबर