उत्‍तर कोरिया ने फिर दिखाए बगावती तेवर, जापान के बाद अब अमेरिका को चेताया

दुनिया
Updated Dec 03, 2019 | 16:33 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

अमेरिका के साथ परमाणु वार्ता बेपटरी होने के बाद उत्‍तर कोरिया ने एक बार फिर अपने बगावती तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। उसने दो टूक कहा कि यह अमेरिका पर निर्भर है कि वह क्रिसमस पर कैसा उपहार चाहता है।

North Korea warns US says it will receive Christmas gift if does not make meaningful progress in talks
उत्‍तर कोरिया के सुप्रीम लीडर किम जोंग-उन  |  तस्वीर साभार: AP, File Image

सियोल : अमेरिका के साथ वार्ता में विफलता के बाद उत्‍तर कोरिया के तेवर एक बार फिर आक्रामक होते जा रहे हैं। बीते सप्‍ताहांत जापान को चेताने के बाद अब उत्‍तर कोरिया अमेरिका को चेतावनी दी है और साफ कहा कि परमाणु वार्ता बचाने को लेकर समय अब बहुत कम रह गया है। उत्‍तर कोरिया की ओर से चेतावनी भरे लहजे में कहा गया है कि यह अमेरिका पर निर्भर करता है कि उसे क्रिसमस पर उत्‍तर कोरिया से कैसा गिफ्ट चाहिए।

उत्‍तर कोरिया की ओर से मंगलवार को आए इस बयान को अमेरिका और दक्षिण कोरिया पर दबाव बनाने के लक्ष्‍य से दिया बताया जा रहा है। दरअसल, उत्‍तर कोरिया के नेता किम जोंग-उन और अमेरिका के राष्‍ट्रपति डोनाल्‍ड ट्रंप की मुलाकात में जो सहमति बनी थी, उसके तहत अमेरिका को एक-दूसरे को स्‍वीकार्य शर्तों के लिए एक साल का समय दिया गया था, जिसकी अवधि समाप्‍त होने जा रही है।

अमेरिका और उत्‍तर कोरिया के बीच परमाणु वार्ता पटरी पर नहीं लौट पा रही है। ट्रंप और किम की इस साल फरवरी में हुई मुलाकात भी बेनतीजा रही थी, क्‍योंकि अमेरिका ने अपने परमाणु कार्यक्रमों को लेकर अंतरराष्‍ट्रीय प्रतिबंध झेल रहे उत्तर कोरिया को आंशिक रूप से परमाणु कार्यक्रम बंद करने के बदले प्रतिबंधों में बड़ी राहत देने से इनकार कर दिया था।

अमेरिका से वार्ता बेपटरी होने के बीच उत्‍तर कोरिया के तेवर एक बार फिर से बगावती होते नजर आ रहे हैं। उत्‍तर कोरिया ने बीते सप्‍ताह गुरुवार को भी एक परीक्षण किया था, जिस पर जापान ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि उत्‍तर कोरिया बार-बार बैलिस्‍ट‍िक मिसाइल लॉन्‍च कर रहा है, जो जापान के साथ-साथ पूरी दुनिया के लिए खतरा हो सकता है।

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए उत्तर कोरिया ने जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे 'मूर्ख' और 'राजनीतिक रूप से कच्चा' बताया और यह भी कहा कि जापान के प्रधानमंत्री उत्तर कोरिया के ताजा मिसाइल परीक्षण के बारे में दुनिया को गलत जानकारी दे रहे हैं। उत्‍तर कोरिया ने अपने परीक्षण को 'सुपर लार्ज मल्टिपल रॉकेट लांचर' का परीक्षण बताया और इसके बैलिस्टिक मिसाइल होने से इनकार किया।

अगली खबर