अमेरिका के स्कूलों में गोलीबारी की दिल दहला देने वाली घटनाओं पर एक नजर 

अमेरिका के टेक्सास एक स्कूल में दर्दनाक घटना हुई जिसमें 19 बच्चों समेत 21 लोगों की मौत हो गई । अमेरिका में ऐसी घटनाएं पहले भी हुई जब किसी बंदूकधारी ने स्कूल में सरेआम गोलियां बरसाकर कई लोग को मार डाला।

Texas school shooting, List of school shootings in the United States,US President Joe Biden,अमेरिका,टेक्सास,स्कूल में गोलीबारी
इस गोलीबारी में 21 लोगों की जान चली गई। 
मुख्य बातें
  • अमेरिका के टेक्सास में बंदूकधारी ने गोलीबारी की
  • इस गोलीबारी में 21 लोगों की जान चली गई
  • दर्दनाक घटना में 19 बच्चों की मौत हो गई

ह्यूस्टन: अमेरिका के टेक्सास में मंगलवार सुबह एक प्राथमिक विद्यालय में ताबड़तोड़ गोलीबारी हुई। इस गोलीबारी में 21 लोगों की जान चली गई।संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने इस घटना पर दुख जताया है।प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने मंगलवार को एक बयान में कहा, यह घटना दिल दहला देने वाली है।टेक्सास के उवाल्डे में एक प्राथमिक विद्यालय में मंगलवार दोपहर 18 वर्षीय एक व्यक्ति ने ताबड़तोड़ गोलीबारी की। जिसमें 19 बच्चों समेत 21 लोगों की मौत हो गई।

अमेरिका में पिछले कई वर्षों में स्कूल और कॉलेज में गोलीबारी तथा अन्य हमलों की घटनाएं हुई हैं, लेकिन वर्ष 1999 में कोलोराडो के कोलंबिन हाई स्कूल में हुई गोलीबारी से पहले तक स्कूलों में ऐसी घटनाओं में मारे जाने वाले लोगों की संख्या इकाई में थी। इसके बाद से स्कूलों में गोलीबारी की घटनाओं में मारे गए लोगों की संख्या 10 से अधिक रही है। ऐसी दो घटनाएं हाल में टेक्सास में हुईं।

रॉब एलीमेंट्री स्कूल, मई 2022
टेक्सास के उवाल्डे में एक प्राथमिक विद्यालय में 18 वर्षीय हथियारबंद ने मंगलवार को गोलीबारी की, जिसमें 21 लोग मारे गए, और कई अन्य घायल हो गए। टेक्सास के गवर्नर गॉव ग्रेग एबॉट ने बताया कि पुलिस की कार्रवाई में हमलावर भी मार गया।

सैंटा फे हाई स्कूल, मई 2018
ह्यूस्टन में एक स्कूल में 17 वर्षीय व्यक्ति ने गोलियां चलाईं, जिसमें 10 लोग मारे गए। इनमें से अधिकांश छात्र थे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी थी।

मारजोरी स्टोनमैन डगलस हाई स्कूल, फरवरी 2018
फ्लोरिडा के पार्कलैंड में एक स्कूल में हमले में 14 छात्रों और तीन कर्मचारियों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। 20 वर्षीय संदिग्ध के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।

यूएमपीक्यूयूए कम्यूनिटी कॉलेज, अक्टूबर 2015
ओरेगन के रोजबर्ग में एक व्यक्ति ने स्कूल में नौ लोगों की हत्या कर दी और नौ अन्य को लोगों घायल कर दिया, फिर अपनी जान ले ली।   (

सैंडी हुक एलीमेंटरी स्कूल, दिसंबर 2012
कनेक्टिकट के न्यूटाउन में 19 वर्षीय व्यक्ति ने घर पर पहले अपनी मां की हत्या की, फिर वह पास के सैंडी हुक स्कूल गया और वहां उसने 20 बच्चों और छह शिक्षकों की हत्या कर दी। हमले के बाद आरोपी ने आत्महत्या कर ली।

वर्जीनिया टेक, अप्रैल 2007
अप्रैल 2007 में 23 वर्षीय छात्र ने वर्जीनिया के ब्लैक्सबर्ग में 32 लोगों की हत्या कर दी। हमले में दो दर्जन से अधिक अन्य घायल हो गए। इसके बाद हथियारबंद ने खुद को गोली मार ली।

रेड लेक हाई स्कूल, मार्च 2005
मिनेसोटा में 16 वर्षीय छात्र ने घर पर अपने दादा और उनके साथी की हत्या की, इसके बाद वह पास के रेड लेक हाई स्कूल में गया, जहां उसने खुद को गोली मारने से पहले पांच छात्रों, एक शिक्षक और एक सुरक्षाकर्मी को मार डाला।

कोलंबिन हाई स्कूल, अप्रैल 1999
कोलोराडो के लिटलटन में दो छात्रों ने स्कूल में अपने 12 साथियों और एक शिक्षक की हत्या कर दी और कई को घायल किया, बाद में दोनों ने आत्महत्या कर ली। ( एजेंसी इनपुट के साथ)
   

अगली खबर