कौन हैं पुतिन की बेटियां...रूस-यूक्रेन जंग के बीच अमेरिका इन्‍हें क्‍यों बना रहा निशाना?

रूस-यूक्रेन जंग के बीच अमेरिका के निशाने पर रूस के राष्‍ट्रपति व्‍लादिमीर पुतिन की बेटियां भी हैं। बताया जा रहा है कि ये आर्थिक मामलों में कई तरह से पुतिन की मदद करती हैं और उनके धन को जहां-जहां छिपाने के काम में लगी रहती हैं।

कौन हैं पुतिन की बेटियां...रूस-यूक्रेन जंग के बीच अमेरिका इन्‍हें क्‍यों बना रहा निशाना?
कौन हैं पुतिन की बेटियां...रूस-यूक्रेन जंग के बीच अमेरिका इन्‍हें क्‍यों बना रहा निशाना? 

वाशिंगटन : रूस-यूक्रेन जंग के बीच अमेरिका सहित कई देशों ने रूस के राष्‍ट्रपति व्‍लादिमीर पुतिन सहित सरकार में शामिल कई महत्‍वपूर्ण शख्सियत के साथ-साथ रूसी संस्‍थानों पर भी प्रतिबंध का ऐलान किया है। इसकी जद में पुतिन की दो बेटियां- कतेरीन और मारिया भी आई हैं, जिनके बारे में अमेरिकी अधिकारियों का मानना ​​है कि वे पुतिन के धन को छिपा रही हैं।

अमेरिका ने बुधवार को जिस प्रतिबंध पैकेज का विवरण दिया है, उसके अनुसार, पुतिन की बेटी कतेरीना व्लादिमीरोवना तिखोनोवा एक टेक एक्‍जक्‍यूटिव हैं, जो रूसी सरकार और उसके रक्षा उद्योग के लिए काम करती हैं। वहीं उनकी दूसरी बेटी मारिया व्लादिमीरोवना वोरोत्सोवा के बारे में कहा गया है कि वह सरकार द्वारा वित्त पोषित कार्यक्रमों का नेतृत्व करती हैं। इन कार्यक्रमों को क्रेमलिन से आनुवंशिकी अनुसंधान के लिए अरबों डॉलर प्राप्त हुए हैं और खुद पुतिन व्यक्तिगत रूप से इस पर नजर रखते हैं।

अमेरिकी अधिकारियों की दलील

अमेरिकी प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने संवाददाताओं से बातचीत के दौरान कहा, 'हमारे पास यह मानने के पर्याप्‍त कारण हैं कि पुतिन और उनके कई साथी अपनी संपत्ति छिपाते हैं। इसमें उनके परिवार के सदस्य भी शामिल हैं, जो अपनी संपत्ति को अमेरिका सहित दुनिया की कई वित्‍तीय प्रणालियों में  लगाते हैं।' अधिकारी ने नाम न जाहिर करने की शर्त पर कहा, 'हम मानते हैं कि पुतिन की कई संपत्ति परिवार के सदस्यों के पास छिपी हुई है और इसलिए हम उन्हें निशाना बना रहे हैं।'

'पुतिन की गर्लफ्रेंड को निष्कासित करो', लोगों ने शुरू किया ऑनलाइन अभियान 

पुतिन की जिन बेट‍ियों पर अमेरिका ने प्रतिबंधों का ऐलान किया है और जिनके बारे में उसका मानना है कि वे अपने पिता को उनका धन छिपाने में मदद कर रही हैं, उनके बारे में एक दिलचस्‍प तथ्‍य यह भी है कि उन्‍होंने कभी सार्वजनिक रूप से इसकी पुष्टि नहीं की है कि रूस के राष्‍ट्रपति उनके पिता हैं। उन्होंने अक्‍सर पुतिन को लेकर पूछे गए सवालों का जवाब देने से इनकार किया है। 

कौन हैं पुतिन की बेटियां?

एक रिपोर्ट में 29 साल की कतेरीना के बारे में कहा गया है कि उसने खुद को राष्ट्रपति पुतिन के लंबे समय से दोस्त निकोलाई शामलोव के बेटे किरिल शामलोव की पत्नी के रूप में ही बताया है। निकोलाई शामलोव बैंक रोसिया में एक शेयरधारक हैं, जिसे अमेरिकी अधिकारियों ने रूस के अभिजात वर्ग के व्यक्तिगत बैंक के रूप में बताया है। एक अनुमान के मुताबिक, पति-पत्नी के रूप में किरिल और कतेरीना के पास लगभग 2 अरब डॉलर की कॉर्पोरेट होल्डिंग थी। यह अन्य संपत्तियों के अतिरिक्त था।

डार्क मनी से फंसेंगे पुतिन, जानें 100000 करोड़ डॉलर का क्या है खेला

वहीं पुतिन की बड़ी बेटी मारिया के बारे में बताया जा रहा है कि उन्‍होंने सेंट पीटर्सबर्ग विश्वविद्यालय में जीव विज्ञान और मॉस्को स्टेट यूनिवर्सिटी से मेडिकल की पढ़ाई की है। वह आनुवंशिक अनुसंधान कार्य में शामिल रही हैं, जिसे पूर्व में पुतिन ने एक ऐसा क्षेत्र बताया है, जो पूरी दुनिया के भविष्य को निर्धारित करेगा। रूसी और पश्चिमी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मारिया ने डच बिजनेसमैन जोरिट जोस्ट फासेन से शादी की। करीब सात साल पहले 2015 में वह मास्‍को स्थित एंडोक्राइनोलॉजी रिसर्च सेंटर में डॉक्टरेट अभ्‍यर्थी के रूप में एंडोक्राइन सिस्टम में कार्यरत थीं। 

रिपोर्ट के मुताबिक, मारिया के पति गज़प्रॉमबैंक के लिए काम करते थे, जो एक बड़ी ऋणदाता फर्म है। बताया जाता है कि पुतिन के करीबी अभिजात वर्ग के लोगों से इसका गहरा संबंध है। वहीं हाल ही में आई एक अन्‍य रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि पुतिन की बेटी का अपने पति से अलगाव हो गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, मौजूदा रूस-यूक्रेन जंग के बीच रूस पर लगे आर्थिक प्रतिबंधों से पुतिन की बेटी और उनके पति के आर्थिक हित भी प्रभावित हुए हैं और इसी बीच दोनों के अलगाव की खबर सामने आई है।

रूस-यूक्रेन जंग के बीच टूटा पुतिन की बेटी का रिश्‍ता, रूस पर प्रतिबंध बनी वजह?

सर्गेई लावरोव की बेटी और पत्नी पर भी बैन

अमेरिका ने बुधवार को जिनके खिलाफ प्रतिबंधों की घोषणा की है, उनमें रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव की बेटी और पत्नी भी शामिल हैं। अमेरिका ने अपने नागरिकों को रूस में निवेश करने से भी रोक दिया है। साथ ही रूस के वित्तीय संस्थानों और क्रेमलिन अधिकारियों को भी निशाना बनाया गया है। अमेरिका ने यह कार्रवाई यूक्रेन में रूसी सैन्‍य दखल को लेकर की है, जिसे उसने यूक्रेन में 'अत्‍याचार' करार दिया है। 

यूक्रेन की राजधानी कीव के उत्‍तर में स्थित बुका से कई शव मिलने के बाद रूस पर जानबूझकर नागरिकों पर हमले का आरोप लगा है। रूस ने हालांकि इसे खारिज करते हुए कहा कि यहां से विध्‍वंस व शवों की जो तस्‍वीरें जारी की गई हैं, वे एक साजिश का हिस्‍सा हैं, जिसका इस्‍तेमाल उसके खिलाफ और कड़े प्रतिबंधों को जायज ठहराने के लिए किया जा रहा है। 

अगली खबर