'वे लड़कियों का रेप करते हैं और मर्दों को मार देते हैं' तालिबान की बर्बरता अफगानी महिलाओं की जुबानी

Afghan Women in Delhi : 'टाइम्स नाउ नवभारत' ने इन पीड़ित महिलाओं से बात की है। चैनल के साथ खास बातचीत में महिलाओं ने बताया है कि तालिबान लड़ाकों ने कैसे उनका जीवन तबाह कर दिया है।

Terrified Afghan women narrate ordeal of Taliban in Delhi
अफगानिस्तान पर तालिबान का शासन फिर शुरू हो गया है। 
मुख्य बातें
  • अफगानिस्तान पर एक बार फिर तालिबान का नियंत्रण हो गया है
  • अफगान महिलाओं ने सुनाया तालिबान की बर्बरता की खौफनाक दास्तां
  • महिलाओं का कहना है कि तालिबान जबरन घर में घुस जाते हैं और रेप करते हैं

नई दिल्ली : तालिबान के सत्ता में आने के बाद जिस बात का डर था, वही होने लगा है। अफगानिस्तान पर नियंत्रण करने के बाद तालिबानी लड़के महिलाओं और लड़कियों का रेप कर रहे हैं। अफगानिस्तान से दिल्ली पहुंचीं अफगान महिलाओं ने तालिबान के जुल्म एवं अत्याचार की खौफनाक दास्तां सुनाई है। 'टाइम्स नाउ नवभारत' ने इन पीड़ित महिलाओं से बात की है। चैनल के साथ खास बातचीत में महिलाओं ने बताया है कि तालिबान लड़ाकों ने कैसे उनका जीवन तबाह कर दिया है। महिलाओं ने भारत सहित दुनिया के देशों से अफगानिस्तान को बचाने की गुहार लगाई है।  

'हम बेघर हो गए, हमारे पास कुछ नहीं'
'टाइम्स नाउ नवभारत' के साथ बातचीत में एक महिला ने कहा, 'मैं भारत सरकार से अनुरोध करती हूं कि वह अफगानिस्तान के शरणार्थी संकट पर यूनिसेफ से बात करे। हम 15 -20 सालों से शरणार्थी के रूप में रह रहे हैं। हमारे देश की हालत ठीक नहीं है। हम शरणार्थियों की मदद मिलनी चाहिए। हमारी हालत बहुत खराब है। हम बेघर हो गए हैं। हमारा कुछ भी नहीं रह गया है। हमारे लिए जीना बहुत मुश्किल है।' 

'तालिबान घर में घुस जाते हैं, लड़कियों का रेप करते हैं'
एक अन्य पीड़ित महिला ने कहा, 'अफगानिस्तान में हमारे बच्चों का कोई भविष्य नहीं है। हम अफगानिस्तान वापस नहीं जा सकते। सत्ता अब उनके हाथ में चली गई है। हमारे छोटे-छोटे बच्चे हैं। उनकी पढ़ाई नहीं हो पाएगी। वह अच्छा खाना नहीं पाएंगे।' एक अन्य पीड़िता ने कहा, 'तालिबान लड़ाके घर में घुस जाते हैं। वे लड़कियों का रेप करते हैं और मर्दों को मार देते हैं।' 

भाई-पिता के सामने किया रेप
तालिबान का खौफ बताते-बताते एक लड़की फफक कर रो पड़ती है। खुद को नियंत्रित करने के बाद लड़की ने बताया, 'तालिबान ने एक लड़की को उसके दो भाइयों एवं पिता के सामने रेप किया। फिर लड़की के भाइयों और पिता को मार दिया। ये कैसी जिंदगी है। इन दुश्वारियों में जी रहे हैं हमारे लोग। हम दूनिया के सभी दूतावासों, देशों से अफगानिस्तान को बचाने की गुहार लगाते हैं। भारत तो हमारा दोस्त है, उससे तो हम ज्यादा उम्मीद लगाकर बैठे हैं।'  

अगली खबर