लाइव टीवी

IEC 2022 : अनुराग ठाकुर बोले-ऑस्ट्रेलिया की आबादी के बराबर हमने एक दिन में टीका लगा दिया 

Updated Apr 21, 2022 | 12:29 IST

IEC 2022 : केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि कोरोना टीकाकरण अभियान पर तरह-तरह की बातें की गईं और इस पर सवाल उठाए गए लेकिन देश ने एक दिन में ऑस्ट्रेलिया की आबादी के बराबर टीका लगाकर अपनी क्षमता से दुनिया को परिचित करा दिया। 

Loading ...
IEC 2022 कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर।
मुख्य बातें
  • मुंबई में 'इंडिया इकोनॉमिक कॉन्क्लेव 2022' का शानदार आगाज
  • दो दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में जुटेंगे देश और दुनिया के दिग्गज
  • भारत की अर्थव्यवस्था सहित कई अहम मुद्दों पर दिग्गज रखेंगे अपने विचार

IEC 2022 : देश अर्थव्यवस्था के हर मोर्चे पर तेजी से विकास कर रहा है। निर्यात में रिकॉर्ड बन रहा है। कोरोना महामारी की चुनौतियों के बावजूद देश आगे बढ़ा है। यह बात केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने गुरुवार को टाइम्स नेटवर्क के सबसे बड़े कार्यक्रम 'इंडिया इकोनॉमिक कॉन्क्लेव 2022' में कहीं। ठाकुर ने कहा कि कोरोना टीकाकरण अभियान पर तरह-तरह की बातें की गईं और इस पर सवाल उठाए गए लेकिन देश ने एक दिन में ऑस्ट्रेलिया की आबादी के बराबर टीका लगाकर अपनी क्षमता से दुनिया को परिचित करा दिया। 

'वर्चुअल दुनिया परस्पर बातचीत की परंपरा नहीं बदल सकती'
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वर्चुअल दुनिया हमारी परस्पर बातचीत की परंपरा को नहीं बदल सकती। कोरोना महामारी ने हमारे सोचने के तरीके को बदला है। हमारे जीने के तरीके एवं व्यवहार पर इसका व्यापक असर हुआ है। कोरोना संकट एवं इस महामारी की चुनौतियों के बावजूद भारत आगे बढ़ रहा है। अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में भी देश आगे बढ़ा है। अर्थव्यवस्था से इस बात के भी सकारात्मक संकेत मिले हैं कि आने वाले समय में देश आर्थिक मोर्चे पर तेजी के साथ तरक्की करेगा। देश इस साल आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। यह खुशी की बात है कि देश में अब तक 186 करोड़ कोरोना का टीका लग चुका है। टीकाकरण की शुरुआत में इस पर तरह-तरह के सवाल उठाए गए लेकिन भारत ने ये सभी टीके मुफ्त लगाकर यह संदेश दिया कि उसमें बहुत सामर्थ्य है। 

ऑस्ट्रेलिया की आबादी के बराबर टीका लगा दिया-ठाकुर 
उन्होंने कहा, 'टीकाकरण के तथ्यों को अगर में ध्यान में रखकर कहें तो ऑस्ट्रेलिया की जितनी आबादी है तो उस आबादी के बराबर हमने एक दिन में टीका लगा दिया। अर्थव्यवस्था की गति बढ़ाने के लिए आर्थिक सुधारों को तेजी से लागू किया जा रहा है। ऐसा पहले कभी नहीं हुआ था। आज अर्थव्यवस्था की अगर बात करें तो देश सभी मोर्चों पर विकास कर रहा है। निर्यात में नए रिकॉर्ड बन रहे हैं। परियोजनाओं को समय पर पूरा किया जा रहा है। आम लोगों के जीवन में बदलाव लाने के लिए सरकार ने कई कल्याणारी योजनाएं चलाई हैं। नीतियों एवं योजनाओं के जरिए लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाया गया है। आज दुनिया में भारत का रुतबा बढ़ा है। आज न केवल हमारी बात सुनी जाती है बल्कि हम जो कहते हैं उसे गंभीरता से लिया जाता है।  

IEC 2022 : टाइम्स ग्रुप के MD विनीत जैन बोले-चुनौतियों के बावजूद भारत हमेशा आगे बढ़ा है

अर्थव्यवस्था एवं विकास के एजेंडे पर होगा मंथन
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में टाइम्स नेटवर्क के सबसे बड़े कार्यक्रम 'इंडिया इकोनॉमिक कॉन्क्लेव 2022' का शानदार आगाज हुआ है। इस कार्यक्रम में अगले दो दिनों तक देश और दुनिया के अलग-अलग क्षेत्रों के दिग्गज आर्थिक एजेंडे पर चर्चा करेंगे। इस साल की थीम 'द ग्रेट इंडियन डेमोक्रेटिक डिविडेंड' है। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। दीप प्रज्ज्वलन टाइम्स ग्रुप के एमडी विनीत जैन, टाइम्स नेटवर्क के एमडी एवं सीईओ एमके आनंद, केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर, आईडीएफसी फर्स्ट बैंक के एमडी एवं सीईओ वी वैद्यनाथन के हाथों हुआ। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें Business News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।