लाइव टीवी

SL vs AUS 2nd Test: चांदीमल के शतक की बदौलत श्रीलंका ने पहली पारी में हासिल की 67 रन की बढ़त 

Updated Jul 10, 2022 | 19:58 IST

श्रीलंका ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन दिनेश चांदीमल के नाबाद शतक की बदौलत 67 रन की बढ़त पहली पारी में हासिल कर ली है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
दिनेश चांदीमल( Sri Lanka Cricket)
मुख्य बातें
  • ऑस्ट्रेलिया के पहली पारी में 364 रन के जवाब में श्रीलंका ने बनाए 6 विकेट पर 431 रन
  • पहली पारी में श्रीलंका ने हासिल की 67 रन की बढ़त
  • दिनेश चांदीमल ने जड़ा करियर का 13वां टेस्ट शतक

गॉल: पूर्व कप्तान दिनेश चांदीमल के शतक की बदौलत श्रीलंका ने रविवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे क्रिकेट टेस्ट के तीसरे दिन स्टंप तक छह विकेट पर 431 रन बनाकर 67 रन की बढ़त हासिल कर ली। ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 364 रन बनाए थे।

चांदीमल ने मध्यक्रम में कुछ महत्वपूर्ण साझेदारियां निभायी जिससे पहले टेस्ट में बल्लेबाजी में निराशाजनक प्रदर्शन करने वाली घरेलू टीम बढ़त बनाने में सफल रही। चांदीमल 118 रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं और उनके साथ दूसरे छोर पर रमेश मेंडिस सात रन बनाकर खेल रहे हैं।

बीती रात के बल्लेबाज कुसाल मेंडिस के आउट होने के बाद दिन के तीसरे ओवर में बल्लेबाजी करने उतरे चांदीमल ने शुरू में पारी में आक्रामकता बरती। उन्होंने एजेंलो मैथ्यूज (52) के साथ चौथे विकेट के लिये 83 रन की भागीदारी निभायी। श्रीलंका ने सुबह के सत्र में बस एक विकेट गंवाया।

अंपायर ने दिया चांदीमल को जीवनदान
चांदीमल जब 30 रन पर थे, तब मिशेल स्टार्क की गेंद उनके बल्ले को छूकर विकेटकीपर एलेक्स कैरी के हाथों में समां गयी थी लेकिन अंपायर कुमार धर्मसेना ने इस अपील को ठुकरा दिया। ऑस्ट्रेलियाई टीम सभी रिव्यू ले चुकी थी और अगर इसका रिव्यू लिया जाता तो मैदानी अंपायर का फैसला बदल गया होता।

कामिदु मेंडिस ने जड़ा डेब्यू में अर्धशतक
अर्धशतक पूरा करने के बाद मैथ्यूज स्टार्क की गेंद पर मार्नस लाबुशेन को शार्ट लेग पर अच्छा कैच देकर आउट हुए। चांदीमल और पदार्पण कर रहे कामिदु मेंडिस (61) के बीच चौथे विकेट के लिये 133 रन की साझेदारी हुई जिससे श्रीलंकाई टीम अच्छी स्थिति में पहुंची। कामिदु मेंडिस को धनजंय डि सिल्वा के कोविड-19 पॉजिटिव पाये जाने के बाद टीम में शामिल किया गया था और उन्होंने पदार्पण में अर्धशतक बनाकर प्रभावित किया।

चांदीमल ने जड़ा करियर का 13वां टेस्ट शतक
चांदीमल ने लियोन पर एक रन लेकर अपना 13वां टेस्ट शतक पूरा किया और यह उनका ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरा और गॉल में चौथा सैकड़ा है। श्रीलंका का स्कोर 400 रन के पार पहुंच गया था और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ऐसा केवल सातवीं बार हुआ है। यह साझेदारी कामिदु मेंडिस के आउट होने से टूटी जब वह लेग स्पिनर मिशेल स्वेपसन की गेंद पर बोल्ड हो गये। ऑस्ट्रेलिया को एक और विकेट निरोशन डिकवेला के रूप में मिला।

रमेश मेंडिस को चार रन पर आउट दिया गया था लेकिन रिव्यू के बाद फैसला बदल गया। चांदीमल और रमेश मेंडिस सातवें विकेट के लिये 22 रन जोड़ चुके हैं। चांदीमल ने अभी तक 232 गेंद का सामना करते हुए नौ चौके और एक छक्का जड़ दिया है। 

184/2 के स्कोर के सात श्रीलंका ने दिन की शुरुआत
श्रीलंका ने दिन की शुरुआत दो विकेट पर 184 रन से की। ऑफ स्पिनर नाथन लॉयन ने दिन के तीसरे ही ओवर में कुसाल मेंडिस को पगबाधा किया जिन्होंने 161 गेंद में नौ चौकों की मदद से 85 रन बनाए। वह अपने कल के स्कोर में सिर्फ एक रन जोड़ पाए। लॉयन ने सुबह के सत्र में बल्लेबाजों को सबसे अधिक परेशान किया लेकिन चांदीमल ने उनके खिलाफ जोखिम उठाते हुए शॉट खेले।

चांदीमल ने इस ऑफ स्पिनर पर कवर ड्राइव से चौका और फिर अगली गेंद पर लांग ऑफ के ऊपर से छक्का जड़ा। स्पिनरों के इसके बाद सफलता दिलाने में नाकाम रहने पर ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने 85वें ओवर में दूसरी नई गेंद ली लेकिन मैथ्यूज और चांदीमल ने मेहमान टीम के गेंदबाजों को लंच तक सफलता से महरूम रखा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल