लाइव टीवी

दिल्ली मेट्रो की लिफ्ट में महिला टीचर से छेड़छाड़ करने वाला आरोपी गिरफ्तार

अनुज मिश्रा | SPECIAL CORRESPONDENT
Updated Jul 09, 2022 | 22:29 IST

दिल्ली के आईपी एक्सटेंशन मेट्रो स्टेशन पर लिफ्ट में महिला टीचर के साथ छेड़छाड़ की। शिकायत के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

Loading ...
महिला टीचर के साथ छेड़छाड़ का आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली मेट्रो पुलिस ने मेट्रो की लिफ्ट में महिला टीचर के साथ छेड़छाड़ करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी राजेश चंद पेशे से प्राइमरी अध्यापक है। आरोप है कि राजेश चंद पीड़िता का काफी समय से पीछा कर उसे परेशान कर रहा था। पुलिस के मुताबिक इस बाबत बाकायदा पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ डिपार्टमेंट में भी शिकायत की थी। लेकिन बावजूद इसके आरोपी अपनी हरकतों से बाज नही आ रहा था वो लगातार पीड़िता महिला को परेशान कर रहा था। 

डीसीपी मेट्रो जितेंद्र मणि के मुताबिक 7 जुलाई को आईपी एक्सटेंशन मेट्रो स्टेशन से पुलिस को सूचना मिली जिसमे पीड़िता ने पुलिस को शिकायत की उसके  साथ छेड़छाड़ हुई है। लिहाजा मामले की गंभीरत को देखते हुए  पुलिस की टीम फौरन मौके पर पहुची जहां पीड़िता महिला मिली। उसने बताया वह एक स्कूल में प्राइमरी टीचर है। स्कूल की छुट्‌टी के बाद वह काम के सिलसिले में एमसीडी ऑफिस गइ थी। उसने महसूस किया कि कोई शख्स उसका पीछा कर रहा है। इसके बाद वह आईपी एक्सटेंशन मेट्रो स्टेशन गई। वहां भी वह शख्स पहुंच गया। 

जब वह मेट्रो की लिफ्ट में गई तभी वह शख्स भी पीछे से लिफ्ट के अंदर घुस गया। दोनों लिफ्ट में अकेले थे। इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपी ने घटना के बारे में किसी को कुछ नहीं बताने पर धमकी दी। पीड़िता ने पुलिस को बताया आरोपी करीब डेढ़ साल से उसे परेशान कर रहा है। इस बारे में वह डिपार्टमेंट से लेकर पुलिस थाने में उसके खिलाफ शिकायत दे चुकी है। 

पुलिस में शिकायत के बाद आरोपी ने उसे दोबारा परेशान नहीं करने का वादा किया था। मगर वह नहीं माना और फिर से परेशान करने लगा। फिलहाल पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी कल्याणपुरी इलाके का रहने वाला है और गोकुलपुरी स्थित एक स्कूल में प्राइमरी टीचर है।