लाइव टीवी

Delhi Water Crisis: दिल्‍ली में जल संकट गहराया, एक फुट और कम हुआ पानी का स्‍तर, जल बोर्ड ने जारी किया अलर्ट

Updated May 17, 2022 | 13:02 IST

Delhi Water Crisis: वजीराबाद में यमुना का जल स्‍तर लगातार घटता जा रहा है। पिछले पांच दिनों में यह पांच फुट तक कम हो गया है। सोमवार को जल स्‍तर 669.40 फीट पहुंच गया, जबकि यहां जलस्‍तर 674.50 फुट होना चाहिए। इसकी वजह से वजीराबाद, चंद्रावल व ओखला जल शोधन संयंत्रों पर जलापूर्ति बुरी तरह से प्रभावित हुई है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspRepresentative Image
दिल्‍ली में यमुना का जल स्‍तर पहुंचा 674.50 फुट
मुख्य बातें
  • वजीराबाद में यमुना का जल स्‍तर पहुंचा 669.40 फीट पर
  • दिल्‍ली जल बोर्ड ने हरियाणा से मांगा 150 क्यूसेक अतिरिक्त पानी
  • पिछले पांच दिनों के अंदर पांच फुट तक घट चुका है जल स्‍तर

Delhi Water Crisis: वजीराबाद में यमुना का जलस्तर घटने के साथ राजधानी में जल संकट लगातार गहरात जा रहा है। सोमवार को वजीराबाद में जलस्‍तर एक फीट और कम हो गया। जिसकी वजह से वजीराबाद, चंद्रावल व ओखला जल शोधन संयंत्रों पर पानी की आपूर्ति भी घट गई। इससे दिल्‍ली के कुछ नए इलाकों में भी जलापूर्ति प्रभावित हुई है। दिल्‍ली जल बोर्ड इस संकट से निपटने के लिए लगातार कोशिशें भी कर रहा है, लेकिन इसके बाद भी राजधानी के दर्जनों पॉश इलाकों में रहने वाले लोग पिछले तीन दिन से पेयजल संकट से जूझ रहे हैं।

बता दें कि, पिछले पांच दिनों में यमुना के जल स्तर में पांच फीट तक कमी हो चुकी है। इस वजह से तीन जल शोधन संयंत्रों पर पेयजल आपूर्ति बुरी तरह से प्रभावित हुई है। जल बोर्ड का कहना है कि हरियाणा के सिंचाई विभाग को कई बार पत्र लिखा जा चुका है, लेकिन इसके बाद भी अभी तक वहां से जरूरत के हिसाब से पानी नहीं छोड़ा गया है, इस वजह से यमुना का जल स्‍तर लगातार गिर रहा है। इससे, उत्‍तरी दिल्ली, उत्तरी पश्चिमी दिल्ली, नई दिल्ली, मध्य दिल्ली व दक्षिणी दिल्ली के कई इलाकों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित हुई है।

जल स्तर पहुंचा 669.40 फीट पर

दिल्‍ली जल बोर्ड के अनुसार वजीराबाद व चंद्रावल जल शोधन संयंत्र के लिए 80 प्रतिशत पानी सीधे यमुना से उठाया जाता है। इन संयंत्र को पूरी क्षमता पर चलाने के लिए वजीराबाद के पास यमुना का जल स्तर 674.50 फुट होना चाहिए, लेकिन 12 मई के बाद से यहां पर यमुना का जल स्‍तर लगातार घट रहा है। यहां पर सोमवार को जल स्‍तर घटकर 669.40 फीट पहुंच गया है।

हरियाणा के सिंचाई विभाग को लगातार लिखे जा रहे पत्र

जल बोर्ड हरियाणा के सिंचाई विभाग को लगातार पत्र लिखकर 150 क्यूसेक अतिरिक्त पानी छोड़ने की मांग कर रहा है, हालांकि अभी तक राजधानी के लोगों की प्‍यास बुझाने के लिए अतिरिक्‍त पानी नहीं छोड़ गया है। जल बोर्ड के अधिकारियों का कहना है कि, इन तीनों संयंत्रों के पूरी क्षमता से काम नहीं करने के कारण पेयजल आपूर्ति करीब 46 एमजीडी कम हो गई है। जल बोर्ड अभी तक 990 एमजीडी पानी आपूर्ति कर रहा था, जो इस समय घटकर 944 एमजीडी हो गई है।

इन जगहों पर पेयजल की आपूर्ति प्रभावित रहेगी

तीनों संयंत्रों के पूरी क्षमता से काम नहीं करने के कारण शक्ति नगर, कमला नगर, सिविल लाइन, हिंदू राव अस्पताल, करोल बाग, पहाड़गंज, न्यू राजेंद्र नगर, पटेल नगर, ओल्ड राजेंद्र नगर, इंद्रपुरी, कालकाजी, गोविंदपुर, दिल्ली गेट, सुभाष पार्क, तुगलकाबाद, अंबेडकर नगर, मॉडल टाउन, पंजाबी बाग, साउथ एक्सटेंशन, ग्रेटर कैलाश, मूलचंद व दिल्ली छावनी सहित कई इलाकों में पेयजल आपूर्ति जल प्रभावित हुइ है।

Delhi News in Hindi (दिल्ली न्यूज़), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।