लाइव टीवी

कौन हैं भगवंत मान, कॉमेडियन से लेकर पंजाब में AAP का सीएम पद का चेहरा बनने तक

Updated Jan 18, 2022 | 13:40 IST

Bhagwant Mann AAP CM Candidate for Punjab Election 2022 : ​सीएम पद पर राय देने के लिए AAP ने एक मोबाइल नंबर जारी किया था। इस नंबर पर 72 घंटे में 15 लाख से ज्यादा सुझाव आए। सर्वे में शमिल 93.3 फीसदी लोग मान को सीएम पद का प्रत्याशी बनाए जाने के पक्ष में राय जाहिर की।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspPTI
कॉमेडियन से नेता बने भगवंत मान।
मुख्य बातें
  • पंजाब विधानसभा चुनाव में AAP के सीएम पद का चेहरा बने भगवंत मान
  • साल 2014 से संगरूर सीट से आप के सांसद हैं भगवंत मान
  • चुनाव में सीएम पद का चेहरा बनने के बाद मान ने कहा-वह एक सिपाही हैं

Bhagwant Mann AAP CM Candidate for Punjab Election 2022: पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी (AAP) ने मंगलवार को अपने सीएम पद के चेहरे पर मुहर लगा दी। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ऐलान किया कि पंजाब में सर्वे में शामिल 93.3 फीसदी लोगों ने भगवंत मान को सीएम पद का चेहरा चुना है। केजरीवाल ने बताया कि सर्वे में शामिल तीन फीसदी लोग ही नवजोत सिंह सिद्धू को सीएम बनाना चाहते हैं। दरअसल, पंजाब में AAP का सीएम पद का चेहरा कौन है, इसे तय करने के लिए पार्टी ने एक सर्वे कराया था।

AAP के मोबाइल सर्वे में लोगों ने दी राय

सीएम पद पर राय देने के लिए AAP ने एक मोबाइल नंबर जारी किया था। इस नंबर पर 72 घंटे में 15 लाख से ज्यादा सुझाव आए। सर्वे में शमिल 93.3 फीसदी लोग मान को सीएम पद का प्रत्याशी बनाए जाने के पक्ष में राय जाहिर की तो तीन प्रतिशत लोग ऐसे भी थी जो सिद्धू को सीएम पद का चेहरा बनता देखना चाहते हैं। सीएम पद का चेहरा बनाए जाने की घोषणा के बाद भगवंत मान मंच पर भावुक हो गए। 

मान बोले-पंजाब की जनता का सिपाही हूं

इस दौरान उन्होंने कहा कि 'जिंदगी में ऐसा बदलाव भी आएगा उन्होंने कभी सोचा नहीं था। मैं पंजाब की जनता का एक सिपाही हूं। अब रोजगार के लिए कोई भी पंजाब छोड़कर बाहर नहीं जाएगा। हमें उम्मीद नहीं छोड़नी है क्योंकि पंजाब को पता है कि मुश्किलों से बाहर कैसे निकलना है।' आइए एक नजर डालते हैं कि भगवंत मान कौन हैं- 

AAP Punjab CM Candidate: पंजाब में भगवंत मान होंगे AAP के CM पद का चेहरा, अरविंद केजरीवाल ने किया ऐलान

2014 में AAP से जुड़े भगवंत मान

भगवंत मान साल 2014 में आम आदमी पार्टी से जुड़े। उन्होंने संगरूर से 2014 में लोकसभा चुनाव लड़ा और इस सीट से चुनाव जीता। साल 2012 से 2014 तक वह मनप्रीत बादल के पीपुल्स पार्टी ऑफ पंजाब का सदस्य रहे। मान का जन्म संगरूर जिले के सातोज गांव में 17 अक्टूबर 1973 को हुआ। राजनीति में आने से पहले मान की पहचान एक लोकप्रिय कॉमेडियन की बन चुकी थी। उनकी साफ-सुथरी छवि ने राजनीति में आगे बढ़ने में उनकी मदद की। हालांकि सांसद बनने के बाद वह कई बार विवादों में आए।

मान में लोगों को हंसाने की अद्भुत क्षमता है

मान में हंसाने की अद्भुत कला है। टेलिविजन शो 'द ग्रेट इंडियन लॉफ्टर चैलेंज' में वह अपनी इस प्रतिभा को साबित कर चुके हैं। संसद में बहस के दौरान मान ने तंज एवं व्यंग्य कसते हुए कई गंभीर विषयों पर अपनी बात रखी है। साल 2019 के लोकसभा चुनाव में आप के वह एक मात्र सांसद थे जो अपनी सीट बचा पाए। अपनी छवि को पहुंच रहे नुकसान को देखते हुए मान ने साल 2019 में संकल्प लिया कि वह शराब को हाथ नहीं लगाएंगे। यह नहीं, आप सांसद ने एक बार संसद परिसर के अंदर का वीडियो बनाया जिसके बाद वह विवाद में आ गए। हालांकि, उन्होंने कहा कि वीडियो बनाने का मकसद यह दिखाना था कि संसद काम कैसे करती है। साल 2021 में दिए गए एक इंटरव्यू में बताया कि वह अपनी पत्नी इंदरप्रीत कौर से साल 2015 में अलग हो गए।