लाइव टीवी

Birthday: 98 साल के हुए ट्रेजडी किंग दिलीप कुमार, क्‍या आप जानते हैं उनसे जुड़ी ये 12 बातें

dilip kumr
Updated Dec 11, 2020 | 06:07 IST

Dilip Kumar Birthday: बॉलीवुड के ट्रेजडी किंग दिलीप कुमार का आज (11 दिसंबर) जन्मदिन है और वो 98 साल के हो गए हैं।

Loading ...
dilip kumr dilip kumr
dilip kumr
मुख्य बातें
  • ट्रेजडी किंग दिलीप कुमार का आज (11 दिसंबर) जन्मदिन है!
  • 98 साल के हो गए हैं द‍िग्‍गज एक्‍टर द‍िलीप कुमार साहब।
  • 11 दिसंबर 1922 को पाकिस्तान के पेशावर में हुए थे पैदा।

Dilip Kumar Birthday: बॉलीवुड के ट्रेजडी किंग दिलीप कुमार का आज (11 दिसंबर) जन्मदिन है और वो 98 साल के हो गए हैं। दिलीप कुमार का जन्म 11 दिसंबर 1922 को पाकिस्तान के पेशावर में एक मुस्लिम परिवार में हुआ था और उनके पेरेंट्स ने उनका नाम युसुफ खान रखा था। उनके 11 भाई- बहन थे।

दिलीप कुमार ने बॉलीवुड में अपनी एक ऐसी छवि कायम की थी की जल्दी कोई उनकी कमी नही पूरी कर सकता है। क्या दिलीप कुमार को आप अच्छी तरह जानते थे? जी हां! बहुत से लोग दिलीप कुमार की फिल्‍मों का नाम तो जानते हैं मगर उनका असली नाम क्‍या है ये नहीं जानते। आइये दिलीप साहब के जन्‍मदिन के मौके पर जानते हैं उनसे जुड़ी कुछ खास बातें-

  1. दिलीप कुमार का असली नाम 'मोहम्मद युसूफ खान' है। यह नाम परिवर्तन उन्होंने देविका रानी के कहने पर किया था। 
  2. दिलीप कुमार ने साल 1944 में फिल्म ज्वार भाटा से अपना बॉलीवुड डेब्यू किया था। इसके बाद वो फिल्म अंदाज, बाबुल, दीदार, आन, दाग, देवदास, आजाद, नया दौर, तराना, मधुमति, कोहिनूर, मुगल-ए-आजम, गंगा जमुना, राम और श्याम, क्रांति, शक्ति, मशाल और सौदागर जैसी फिल्मों में नजर आए। 
  3. दिलीप कुमार ने सबसे ज्यादा पुरुस्कार हासिल कर के खुद का नाम गिनीज रिकॉर्ड में दर्ज करा रखा है। साथ ही साथ पहला फिल्मफेयर बेस्ट एक्टर अवार्ड भी अपने नाम कर चुके हैं। 
  4. दिलीप कुमार और शाहरुख खान ही ऐसे दो अभिनेता हैं जिन्होंने सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का फि‍ल्मफेयर पुरस्कार आठ बार जीता है।
  5. कम ही लोग इस बात से वाकिफ होंगे की दिलीप कुमार ही बॉलीवुड के पहले खान हैं। इंडियन सिनेमा इंडस्ट्री में उनके बहुमूल्य योगदान के लिए भारतीय सरकार ने उनको सम्मानित किया। 
  6. पाकिस्तानी सरकार ने भी अपने सबसे उच्चतम राष्ट्रिय नागरिक सम्मान निशान-ए-इम्तियाज़ से दिलीप कुमार को सम्मानित किया। वहीं साल 2015 में उन्‍हें पद्म विभूषण और 1991 में पद्म भूषण से नवाजा गया। 
  7. मशहूर फिल्म मुग़ल-ए-आज़म में सलीम का किरदार निभाने से पहले उनकी कई फिल्में ऐसी थी जिन पर लोगों की नजर नहीं पड़ी। उनकी आखिरी फिल्म किला 1998 में रिलीज़ हुई, जिसमे उनका डबल रोल था।
  8. साल 1951 में दिलीप कुमार की फिल्म तराना रिलीज हुई थी जिसमें वो मधुबाला के साथ नजर आए थे। इस फिल्म की शूटिंग के दौरान दोनों को एक दूसरे से प्यार हो गया और करीब 7 साल तक दोनों रिलेशनशिप में रहे। दिलीप कुमार और मधुबाला शादी करना चाहते थे लेकिन ऐसा नहीं हो सका।
  9. दिलीप कुमार ने साल 1966 में एक्ट्रेस सायरा बानो से शादी कर ली थी जो उम्र में उनसे 22 साल छोटी हैं। सायरा किसी भी दूसरी लड़की की तरह दिलीप कुमार की फैन थीं और 12 साल की उम्र से ही उन्हें पसंद करती थीं। 
  10. 80 के दशक में दिलीप कुमार का नाम पाकिस्तानी महिला आस्मा के साथ जुड़ा और वो सायरा को छोड़कर चले गए। बताया जाता है कि वो आसमा के साथ रहने लगे थे लेकिन जल्द ही उनका रिश्ता खत्म हो गया और वो सायरा बानो के पास लौट आए। इसके बाद से लगातार दोनों हमेशा एक दूसरे के साथ हैं।
  11. दिलीप कुमार और सायरा बानो की कोई संतान नहीं है। दिलीप ने अपनी किताब में इस बारे में लिखा था। उन्होंने लिखा, 'साल 1972 में सायरा प्रेग्नेंट हुईं थीं और बेटे के जन्म देने वाली थीं लेकिन प्रेग्नेंसी के 8वें महीने में उनका ब्लड शुगर लेवल काफी बढ़ गया और डॉक्टर हमारे बच्चे को नहीं बचा सके।' दोनों का मानना है कि उनके पेरेंट्स ना बनने में भगवान की मर्जी है।
  12. दिलीप कुमार को उनके दौर का बेहतरीन अभिनेता माना जाता है। दु:खद भूमिकाओं के लिए मशहूर होने के कारण उन्हे 'ट्रेजिडी किंग' भी कहा जाता है। उन्हें भारतीय फ़िल्मों के सर्वोच्च सम्मान दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। दिलीप कुमार ने राजनीति का भी स्‍वाद चखा। वह सन 2000 से लेकर 2006 तक राज्‍यसभा सांसद भी रहे हैं। 

दिलीप कुमार की सेहत फ‍िलहाल ठीक नहीं है। उनकी पत्नी और वेटरन एक्ट्रेस सायरा बानो ने दिलीप साहब की सेहत का अपडेट दिया था। जन्‍मदिन से पहले टाइम्स ऑफ़ इंडिया से बातचीत में सायरा ने बताया था कि दिलीप साहब की सेहत बहुत अच्छी नहीं रहती। वो काफी कमजोर हो गए हैं। दिलीप साहब के जन्‍मदिन के मौके पर हम उनके अच्‍छे स्‍वास्‍थ्‍य और लंबी उम्र की कामना करते हैं। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।