लाइव टीवी

Suniel Shetty Birthday: 26 साल पहले जब सलमान खान को सुनील शेट्टी से मांगनी पड़ी थी माफी, गर्लफ्रेंड थी वजह

Updated Aug 11, 2020 | 09:05 IST

Suneil Shetty Birthday: सुनील शेट्टी के जन्मदिन के मौके पर जानें वो किस्सा जब सलमान खान को अपनी गर्लफ्रेंड के लिए उनसे मांगनी पड़ी थी माफी।

Loading ...
Salman Khan and Suniel Shetty
मुख्य बातें
  • बॉलीवुड एक्टर सुनील शेट्टी का जन्मदिन आज
  • सुनील शेट्टी ने साल 1992 में फिल्म बलवान से बॉलीवुड में कदम रखा था
  • 26 साल पहले ऐसा क्या हुआ था जो सलमान खान को सुनील शेट्टी से मांगनी पड़ी थी माफी

बॉलीवुड एक्टर सुनील शेट्टी का आज जन्मदिन है और वो 59 साल के हो गए हैं। सुनील शेट्टी का जन्म 11 अगस्त 1961 को कर्नाटक में हुआ था। सुनील शेट्टी ने अपने 25 साल के फिल्मी करियर में 110 से ज्यादा फिल्मों में काम किया। उन्होंने साल 1992 में फिल्म बलवान से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। फिल्म में सुनील शेट्टी के साथ एक्ट्रेस दिव्या भारती नजर आईं थीं। फिल्म हिट साबित हुई थी। इसके बाद उन्होंने कई फिल्मों में काम किया जिसमें दिलवाले, अंत, मोहरा, गोपी किशन, धड़कन, सपूत, रक्षक, बॉर्डर, भाई, ये तेरा घर ये मेरा घर, वेलकम, फिर हेरा फेरी, कैश, रुद्राक्ष और भागमभाग जैसी फिल्मों में काम किया। 

सुनील शेट्टी बॉलीवुड के जाने माने एक्टर रहे हैं और सलमान खान के भी अच्छे दोस्त हैं लेकिन एक बार कुछ ऐसा हुआ था जब सलमान को अपनी तत्कालीन गर्लफ्रेंड (उस समय) सोमी अली की वजह से सुनील शेट्टी से माफी मांगनी पड़ी थी। 

सोमी अली ने किया था काम करने से इंकार

साल 1992 में अपनी डेब्यू फिल्म बलवान से ही सुनील शेट्टी को पहचान मिल गई थी और उनके काम को काफी पसंद किया गया था। इसके बाद उन्हें सोमी अली के साथ एक फिल्म ऑफर हुई जिसे उन्होंने (सोमी ने) करने से इंकार कर दिया। सोमी ने सुनील शेट्टी को न्यूकमर बताते हुए इस फिल्म को करने से इंकार किया। हैरान करने वाली बात यह थी कि इस समय तक खुद सोमी ने बॉलीवुड में कदम नहीं रखा था और वो केवल सलमान खान की गर्लफ्रेंड के तौर पर जानी जाती थीं। 

हालांकि सोमी के यह फिल्म ना करने से सुनील शेट्टी के करियर पर कोई फर्क नहीं पड़ा और वो लगातार बैक- टू- बैक हिट फिल्में देते रहे। वहीं दूसरी तरफ सोमी को किसी अच्छी फिल्म की स्क्रिप्ट का इंतजार था। यहां तक की सलमान भी सोमी के करियर में मदद नहीं कर पा रहे थे। 

1994 में मिली फिल्म

साल 1994 में सोमी को एक अच्छी फिल्म ऑफर हुई जिसका नाम था अंत, लेकिन फिल्म के प्रोड्यूसर इसमें सुनील शेट्टी को लीड एक्टर के तौर पर लेना चाहते थे। इस समय तक सुनील अपने करियर की बुलंदियों पर थे और जैसे ही उन्हें पता चला कि इस फिल्म में सोमी लीड एक्ट्रेस होंगी, उन्होंने इसमें काम करने से इंकार कर दिया। जिसके चलते प्रोड्यूसर ने फिल्म में सोमी की जगह किसी दूसरी एक्ट्रेस को लेने का फैसला किया। 

सलमान ने मांगी माफी

इसके बाद सलमान खान को सोमी की मदद के लिए आगे आना पड़ा। जानकारी के मुताबिक सलमान ने सोमी की तरफ से सुनील शेट्टी से माफी मांगी जिसके बाद सुनील सोमी के साथ काम करने के लिए राजी हुए। यह फिल्म हिट साबित हुई थी। 

पर्सनल लाइफ

सुनील शेट्टी की पर्सनल लाइफ की बात करें तो उन्होंने बॉलीवुड डेब्यू से पहले ही शादी कर ली थी। सुनील ने साल 1992 में बॉलीवुड में कदम रखा था लेकिन इससे पहले ही उन्होंने शादी कर ली थी। सुनील ने साल 1991 में माना से शादी की थी। दोनों के दो बच्चे हैं, बेटी आथिया शेट्टी और बेटा अहान शेट्टी। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।