लाइव टीवी

Gurugram Development: गुरुग्राम को दोबारा मिलेगी इसकी खोई पहचान, इस चौक पर बनेगा गुरु द्रोणाचार्य पार्क

Updated May 16, 2022 | 15:14 IST

Gurugram Development: गुरुग्राम को उसकी खोई हुई पहचान फिर से मिलने जा रही है। नगर निगम राजीव चौके के पास गुरु द्रोणाचार्य के नाम पर पार्क बनाने जा रहा है। यहां पर गुरु द्रोणाचार्य सहित पांच पांडवों की मूर्ति भी लगाई जाएगी। इससे चार साल पहले लुप्त हो चुकी शहर की पहचान शहर को दोबारा मिल जाएगी।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
राजीव चौक के पास बनेगा गुरु द्रोणाचार्य पार्क
मुख्य बातें
  • राजीव चौक के पास बनेगा गुरु द्रोणाचार्य पार्क
  • पार्क में लगेंगी गुरु द्रोणाचार्य और पांच पांडवों की मूर्ति
  • मूर्ति के लिए टेंडर जारी, पार्क का भी एस्‍टीमेट तैयार

Gurugram Development: गुरु द्रोण की धरती कहे जाने वाले गुरुग्राम को जल्‍द ही अपनी खोई हुई पहचान फिर से मिलने वाली है। शहर को उसकी पहचान दिलाने के लिए नगर निगम राजीव चौक के पास गुरु द्रोणाचार्य के नाम पर पार्क बनाने जा रहा है। यहां पर गुरु द्रोणाचार्य सहित पांच पांडवों की मूर्ति भी लगाई जाएगी। इससे चार साल पहले लुप्त हो चुकी शहर की पहचान शहर को दोबारा मिल जाएगी।

नगर निगम ने यहां पार्क विकसित करने की कागजी कार्रवाई शुरू कर दी है। निगम अधिकारियों ने एस्टीमेट की तैयार कर इसकी टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। निगम अधिकारियों का दावा है कि, अगले माह से इसका निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। बता दें कि, इसी जगह पर गुरु द्रोणाचार्य की मूर्ति पहले भी लगाई गई थी, लेकिन उसे करीब चार साल पहले हटा लिया गया था।

इस जगह पर किया जाएगा निर्माण

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, यह पार्क राजीव चौक पुलिस बूथ के पास विकसित किया जाएगा। निगम ने इसके लिए पिछले वर्ष इस जगह को पूरी तरह से खाली कराकर यहां पर चारदिवारी पहले ही बनानी शुरू कर दी थी, लेकिन उसका काम अभी अधूरा ही है। अब निगम की तरफ से यहां सबसे पहले चारदिवारी का काम शुरू किया जाएगा, इसके बाद अंदर पार्क विकसित किया जाएगा। निगम अधिकारियों के अनुसार, इस पार्क में पेड़-पौधे लगाने के साथ यहां बैठने के लिए बेंच व झूले भी लगाए जाएंगे। साथ ही, रात के लिए यहां फैंसी लाइटें भी लगाई जाने की योजना है। इन सभी कोर्यां पर करीब दो करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा गुरु द्रोणाचार्य और पांच पांडवों की मूर्ति लगाने के लिए निगम ने पहले ही करीब 93 लाख रुपये का टेंडर जारी कर दिया है।

2016 में बदला गया था शहर का नाम

बता दें कि, राज्‍य सरकार ने सितंबर 2016 में गुड़गांव का नाम बदलकर गुरुग्राम कर दिया था। इसके पीछे सरकार की तरफ से दलील दी गई थी कि, यहां पर द्रोणाचार्य का आश्रम रहा है। यहीं पर उन्होंने कौरवों-पांडवों को शिक्षा दी थी। इसलिए अब इसे गुरुग्राम के नाम से जाना जाएगा।