लाइव टीवी

TIMES NOW नवभारत का पंजाब में अवैध खनन पर खुलासा, बीजेपी-AAP ने लगाया बड़ा आरोप, हरकत में आई चन्नी सरकार

Updated Dec 17, 2021 | 21:10 IST

पंजाब के मख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के विधानसभा क्षेत्र में अवैध खनन को लेकर TIMES NOW नवभारत ने आज बड़ा खुलासा किया। बीजेपी ने आरोप लगाया कि इस काले कारोबार से मुख्यमंत्री चन्नी को रोजाना 1 करोड़ रुपए मिलते हैं। 

Loading ...
पंजाब में अवैध खनन पर बड़ा खुलासा
मुख्य बातें
  • इलाका मुख्यमंत्री का, राज रेत माफिया का!
  • अवैध खनन से पंजाब में कानून का हनन?
  • सच को सामने लाने वाली ग्राउंड रिपोर्ट

धाकड़ EXCLUSIVE : पंजाब की राजनीति में भूचाल आ गया है। वजह है TIMES NOW नवभारत पर अवैध खनन के खेल का खुलासा। हम आपको पंजाब में धड़ल्ले से हो रहे अवैध खनन की ग्राउंड रिपोर्ट TIMES NOW नवभारत पर दिखाने के बाद पंजाब सरकार हरकत में आ गई है। चन्नी सरकार ने अवैध खनन की जांच के आदेश दिए हैं। विपक्ष ने पंजाब की कांग्रेस सरकार पर खनन कानून के हनन पर धारदार हमला किया है। बीजेपी का आरोप है कि अवैध खनन के इस काले कारोबार से मुख्यमंत्री चन्नी को रोजाना 1 करोड़ रुपए मिलते हैं। 

पंजाब के मख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के विधानसभा क्षेत्र में अवैध खनन को लेकर TIMES NOW नवभारत ने आज दोपहर 12 बजे बड़ा खुलासा किया। हमने दिखाया कि कैसे वन विभाग की जमीन पर धड़ल्ले से अवैध खनन हो रहा है। हमने आपको दिखाया कि कैसे वन विभाग ने अवैध खनन की जानकारी पुलिस और बड़े अफसरों को दी फिर भी रेत की लूट जारी है। हम आपको फिर दिखाएंगे कि वन विभाग की चिट्ठी में जिस अवैध माफिया इकबाल सिंह का नाम है उसने TIMES NOW नवभारत के कैमरे पर दावा किया कि वो मुख्यमंत्री चन्नी का करीबी है। TIMES NOW नवभारत के खुलासे पर बीजेपी नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने आरोप लगाया कि अवैध खनन से मुख्यमंत्री चन्नी को हर रोज 1 करोड़ रुपए मिलते हैं। वक्त चुनाव का है और राजनीतिक दलों को मुद्दों की तलाश है मुद्दा मिला तो आम आदमी पार्टी के सांसद भगवंत मान ने 1 करोड़ की रकम को कम बताया।

 

सीएम चन्नी के विधानसभा क्षेत्र में अवैध खनन के मामले पर TIMES NOW नवभारत ने पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू से सवाल किया। खनन भ्रष्टाचार पर उनकी राय पूछी उनकी राय जानकर आपको जरूर हैरानी होगी। नवजोत सिंह सिद्धू चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे। पंजाब मॉडल की बात कर रहे थे। गरीबों की बात कर रहे् थे लेकिन जब TIMES NOW नवभारत ने अवैध खनन पर सवाल पूछा तो उन्होंने इसे आज का मुद्दा नहीं बताते हुए जवाब देने से इंकार कर दिया। संभव है कि अवैध खनन के सवाल पर वो मुहूर्त निकाल कर जवाब दें। हम आपको याद दिला दें कि कैप्टन अमरिंदर सिंह के मुख्यमंत्री रहते हुए सिद्धू ने सोनिया गांधी को चिट्ठी लिखी थी, उस चिट्ठी में शामिल 13 मुद्दों में से एक मुद्दा अवैध खनन का भी था लेकिन उनके लिए ये मुद्दा आज अहम नहीं है वो बात और है कि भ्रष्टाचार वाले खनन की खबर का बड़ा असर हुआ। TIMES NOW नवभारत पर खबर चलने के बाद पंजाब सरकार ने संज्ञान लिया और डिप्टी कमिश्नर से रिपोर्ट मांगी और साथ ही खनन विभाग से भी जवाब मांगा है।

TIMES NOW नवभारत की रिपोर्ट पर पंजाब की राजनीति में भूचाल आ गया है। पंजाब की राजनीति में रेत खनन और नशा एक बड़ा चुनावी मुद्दा रहा है। 2017 के विधानसभा चुनाव में अकाली दल की हार के पीछे ये एक बड़ी वजह मानी जाती है। कांग्रेस ने पंजाब की सत्ता में आने के लिए इसे बड़ा मुद्दा बनाया और 2017 में कांग्रेस ने ये वादा किया था कि अगर पंजाब में उसकी सरकार बनती है तो वो खनन माफिया को खत्म करेगी और रेत के दाम कम कर देगी। पंजाब में कांग्रेस की सरकार को पांच साल पूरे होने वाले हैं मगर कांग्रेस ने अपने इस वादे को ठंडे बस्ते में डाल दिया है। अब चुनाव नजदीक देखकर चन्नी सरकार ने रेत के दाम तो कम कर दिए लेकिन रेत माफियाओं पर नकेल नहीं कसी गई। इसके उलट मुख्यमंत्री चन्नी के इलाके में ही अवैध खनन का खेल चल रहा है। टाइम्स नाउ संवाददाता पुलकित नागर ने पंजाब के मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र चमकौरसाहिब से एक पड़ताल की है, जो ये बताएगी कि कैसे मुख्यमंत्री के करीबी सरकारी जमीन पर अवैध खनन कर रहे हैं।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।