लाइव टीवी

Thief Bride Of Jaipur: 30 शादियां कर चुकी ये दुल्हन करने जा रही थी 31वीं शादी, अब पुलिस ने कटाए जेल के फेरे

Updated May 13, 2022 | 17:36 IST

Thief Bride Of Jaipur: राजस्थान पुलिस ने एक ऐसी लुटेरी दुल्हन को पकड़ा है जो अभी तक तीस दूल्हों को लूट चुकी है। पुलिस ने बोगस ग्राहक बनकर शादी करने का जाल फैलाया और आरोपी इसमें फंस गए। पूछताछ में पुलिस को लुटेरी दुल्हनों के एक बड़े गैंग का पता चला है।

Loading ...
30 शादियां करने वाली दुल्हन हुई गिरफ्तार
मुख्य बातें
  • जोधपुर निवासी शख्स से लूटे थे पांच लाख रुपए
  • पुलिस ने झूठी शादी का फैलाया जाल, फंस गई आरोपी
  • अब तक लूट चुकी है तीस दूल्हों को

Thief Bride Of Jaipur: मध्यप्रदेश में रहने वाली एक लुटेरी दुल्हन ने मानों शादी करने का नया रिकॉर्ड ही बना डाला है। इस महिला ने एक, दो या तीन नहीं पूरी तीस शादियां रचाईं। हर बार वह अपने दूल्हे को लूटकर भाग गई। अब ये लुटेरी दुल्हन 31वीं शादी करने की तैयारी में थी, लेकिन इससे पहले ही राजस्थान के डूंगरपुर जिले की सागवाड़ा थाना पुलिस ने उसे पकड़ लिया। सागवाड़ा पुलिस ने रीना नाम की इस लुटेरी दुल्हन को जबलपुर से गिरफ्तार किया है।

हालांकि पूछताछ में पता चला कि उसका असली नाम सीता चौधरी है। एक साल पहले आरोपी महिला एक शख्स से शादी करके उसके पांच लाख रुपए लूटकर भाग गई थी। इसी मामले में पुलिस ने इसे अब धरा है। पूछताछ में जब रीना ने तीस शादियां कर दूल्हों को लूटने की बात कबूली तो पुलिस भी हैरान रह गई।  

2021 में दर्ज हुआ था सीता उर्फ रीना के खिलाफ मामला

सागवाड़ा पुलिस ने बताया कि 12 दिसंबर, 2021 को जोधपुर में रहने वाले प्रकाश चंद्र भट्ट ने सीता उर्फ रीना के खिलाफ मामला दर्ज करवाया था। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि जुलाई 2021 में एजेंट परेश जैन ने उसकी रीना से शादी करवाई थी। शादी के बदले रीना ने पांच लाख रुपए लिए थे। शादी के सात दिन बाद पीहर जाने के नाम पर रीना जबलपुर गई। सात दिन बाद प्रकाश चंद्र उसे वापस लेने पहुंचे। लौटते समय रीना के साथियों ने प्रकाश चंद्र से मारपीट की और रीना फरार हो गई। इसके बाद रीना और परेश से कोई संपर्क नहीं हो पाया, दोनों ने अपने नंबर बदल लिए थे। जिसके बाद पीड़ित ने मामला दर्ज करवाया। 

खुल गया पूरे गैंग का इतिहास 

पुलिस पूछताछ में सीता ने बताया कि वह जबलपुर में गुड्डी उर्फ पूजा बर्मन के लिए काम करती है। पूजा बर्मन लुटेरी दुल्हनों का गैंग चलाती है। उसके कई राज्यों में एजेंट हैं और कई लुटेरी दुल्हनें पूजा के संपर्क में हैं। इन सभी के नकली आधार कार्ड, फर्जी नाम—पते पूजा ही बनवाती है। उसके बाद एजेंटों के माध्यम से लोगों की शादी करवाकर लुटेरी दुल्हनें उन्हें लूट लेती हैं।  

बोगस ग्राहक बनकर फंसाया पुलिस ने 

पूजा और रीना को पकड़ने के लिए पुलिस का एक कांस्टेबल बोगस ग्राहक बना और पूजा से  शादी करवाने की बात कही। पूजा ने पांच हजार रुपए लेकर करीब दस युवतियों के फोटो भेज दिए। इन्हीं में रीना उर्फ सीता भी शामिल थी। कांस्टेबल ने रीना से शादी करने की इच्छा जाहिर की और पूजा व रीना जाल में फंस गए। उन्होंने कांस्टेबल को पचास हजार के एडवांस के साथ एक मॉल के पास बुलाया। इसपर पुलिस कांस्टेबल दूल्हे के रूप में और बाकी कांस्टेबल उसके दोस्त के रूप में मौके पर पहुंचे। और सीता को गिरफ्तार कर लिया।

Jaipur News in Hindi (जयपुर समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।