लाइव टीवी

Kanpur: कानपुर में सामने आया गजब मामला, घर बसाने के बाद भी विधवा बनी हुई हैं महिलाएं, ऐसे खुला पूरा मामला

Updated Aug 30, 2022 | 18:02 IST

Kanpur Case: कानपुर शहर में कई चौंकाने वाले मामले सामने आए हैं। जिला प्रोबेशन विभाग के सर्वे में यह खुलासा हुआ है कि दूसरी शादी करने के बाद भी महिलाएं विधवा पेंशन ले रही थीं।

Loading ...
कानपुर में गलत तरीके से पेंशन लेने का मामला
मुख्य बातें
  • कानपुर में चौंकाने मामले का खुलासा
  • दूसरी शादी करने के बाद भी विधवा पेंशन ले रही थीं महिलाएं
  • अब इन महिलाओं से होगी धनराशि की वसूली

Kanpur Case: उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां कई महिलाएं दूसरी शादी करने के बाद भी विधवा पेंशन लेती रहीं। वहीं इस मामले का खुलासा हुआ तो विभाग के अधिकारी भी हैरान रह गए। अधिकारियों ने आनन-फानन महिलाओं के खातों का पूरा रिकॉर्ड निकाल लिया है, जिसके आधार पर जांच की जा रही है। माना जा रहा है कि इन महिलाओं से अब तक प्राप्त धनराशि की वसूली की जा सकती है।

बता दें कि बिल्हौर ब्लाक की सुमनलता और सरसौल ब्लॉक की अंजू दूसरी शादी करने के बाद भी विधवा पेंशन ले रही हैं। जिला प्रोबेशन विभाग के सर्वे में यह खुलासा हुआ है। सत्यापन रिपोर्ट में 60 अपात्र मिले हैं, जिसके बाद विभाग ने फर्जीवाड़ा करके पेंशन लेने वाले अपात्रों के खाते सीज कर दिए। जल्द ही विभाग की तरफ से इन लोगों के पास नोटिस भेजा जाएगा और धनराशि की भी वसूली की जाएगी।

हर महीने मिलते हैं एक हजार रुपये

सरकार द्वारा गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाली विधवाओं को हर महीने एक हजार रुपये की मदद के रूप में पेंशन दी जाती। बताया गया कि, इन महिलाओं को हर तीन महीने में तीन हजार रुपये मिलते हैं। लेकिन अगर कोई महिला अपने पति की मौत के बाद दूसरी शादी कर लेती है तो वह फिर विधवा पेंशन लेने की हकदार नहीं रहती। लेकिन कानपुर जिले में ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जो दूसरी शादी करने के बाद भी विधवा पेंशन ले रही थीं। अब विभाग के सर्वे में इसकी पोल खुली तो हर कोई हैरान रह गया।

जिम्मेदार अधिकारी बोले...

वहीं इस मामले में जिला प्रोबेशन अधिकारी जयदीप सिंह का कहना है कि, जनपद में 67,598 विधवाएं इस योजना का लाभ ले रही हैं। उन्होंने बताया कि इनमें आठ महिलाओं की आय अच्छी होने के बाद भी योजना का लाभ ले रही हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि जिले में 20 ऐसी महिलाएं हैं, जिन्होंने दूसरी शादी कर ली लेकिन वह विधवा पेंशन ले रही हैं। इस तरह के 60 मामले चिन्हित किए गए हैं। उधर, जिला प्रोबेशन अधिकारी जयदीप सिंह ने बताया कि, सभी अपात्र खातों को सीज कर दिया गया है। इन सभी खातों की डिटेल जुटाई जा रही है। उन्होंने कहा कि, इन खातों की जानकारी जुटाने के बाद सभी से धनराशि वसूली जाएगी।

Kanpur News in Hindi (कानपुर समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharatपर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।