लाइव टीवी

बिग बी के KBC शो में एंट्री का झांसा दे लोगों को कंगाल करते थे ठग, हुए गिरफ्तार

Updated Aug 27, 2022 | 16:11 IST

Patna Police: मशहूर टीवी शो 'कौन बनेगा करोड़पति' में शामिल कराने के नाम पर बड़ी ठगी मामला सामने आया है। मुंबई पुलिस ने पटना से एक ठग और एक को मोतिहारी से गिरफ्तार किया है। इन दोनों ने मुंबई के कई लोगों से ठगी की है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspRepresentative Image
कौन बनेगा करोड़पति शो में शामिल कराने के नाम पर बड़ी ठगी
मुख्य बातें
  • मुंबई पुलिस ने पहले मोतिहारी के युवक को दबोचा
  • गिरफ्तार युवक की निशानदेही पर कंकड़बाग अंतर्गत पीसी कॉलोनी से आरोपी गिरफ्तार
  • इस गिरोह ने डेढ़ से दो करोड़ रुपए की ठगी की है

Fraud Arrested : जालसाजों ने रियलिटी शो 'कौन बनेगा करोड़पति' के नाम पर मुंबई के कई लोगों से मोटी रकम ठगी है। इस ठगी का तार बिहार से जुड़ा है। फिलहाल मुंबई पुलिस ने बिहार से दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पहली गिरफ्तारी मोतिहारी से की गई। यहां पकड़े गए ठग की निशानदेही पर मुंबई पुलिस ने पटना पुलिस की मदद से कंकड़बाग अंतर्गत पीसी कॉलोनी स्थित एक अपार्टमेंट के फ्लैट में छापेमारी कर जुबैर आलम को गिरफ्तार किया है। 

इस गिरोह का सरगना जुबैर ही है। पुलिस का कहना है कि इन लोगों ने डेढ़ से दो करोड़ रुपए की ठगी की है। मुंबई के ही एक व्यवसायी को इन लोगों ने खेल में शामिल कराने का झांसा देकर उसके खाते से 29 लाख रुपए की निकासी कर ली। मुंबई साइबर क्राइम टीम के इंस्पेक्टर गायकवाड़ का कहना है कि आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर लिया जा रहा है। फिलहाल मामले में कई लोग और गिरफ्तार किए जाएंगे।

जुबैर के रजिस्टर में हजारों लोगों के नाम, नंबर और खाता संख्या

गिरफ्तार जुबैर के फ्लैट से पुलिस ने एक लैपटॉप, एक दर्जन से अधिक सिम कार्ड, कई मोबाइल फोन और दो रजिस्टर बरामद किए हैं। रजिस्टर में हजारों लोगों के नाम, नंबर और खाता संख्या लिखा है। पुलिस की जांच में मालूम हुआ है कि शातिर व्हाट्सएप पर केबीसी का पूरा खेल खेलते हैं। व्हाट्सएप पर केबीसी का ऑफर डालते हैं। शातिर फिर झांसा देने एवं खाता नंबर लेने के लिए लोगों के खाते में दो से पांच हजार रुपए की जीत की राशि भी भेजते हैं। इस पर लोगों को भरोसा हो जाता है और एक बार खाता नंबर मिल जाने के बाद जालसाज चंद मिनटों में उन लोगों का खाता खाली कर देते हैं। 

ठगी की रकम बिहार के खातों में हुई है ट्रांसफर

मुंबई साइबर क्राइम की टीम का कहना है कि जालसाजों ने जितनी रकम ठगी है, वह बिहार के अलग-अलग खातों में ट्रांसफर की गई है। इनमें पटना समेत कई जिलों में खाते हैं। पुलिस ने कुछ खातों की जानकारी जुटा ली है। पुलिस का कहना है कि अब बैंकों से जानकारी लेकर इन खाताधारकों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पढ़िए Patna के सभी अपडेट Times Now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।