लाइव टीवी

Anant Singh: कौन है बाहुबली अनंत सिंह, कैसे गए सलाखों के पीछे?

Updated Jun 15, 2022 | 13:14 IST |

अनंत सिंह को आधुनिक हथियार एके-47 और हैंड ग्रैनैड बरामदगी मामले में दोषी करार दिया गया है। आइए जानते हैं कि आखिर अनंत सिंह को कैसे सलाखों के पीछे जाना पड़ा।

Loading ...

पटना: पटना  की बेऊर जेल में बंद मोकामा के विधायक अनंत कुमार सिंह के खिलाफ चल रहे प्रतिबंधित आधुनिक हथियार एके-47 और हैंड ग्रैनैड बरामदगी मामले में  कोर्ट  ने अपना फैसला सुनाया। इस मामले में कोर्ट ने उन्हें दोषी करार दिया । 21 जून को सजा के बिन्दु पर सुनवाई होगी। क्या है पूरा मामला देखिए इस वीडियो में ।
 
बिहार में पटना की एक विशेष अदालत ने मोकामा विधानसभा सीट से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विधायक अनंत सिंह को बाढ़ थाना अंतर्गत नदवां गांव स्थित उनके निजी आवास से एके-47 राइफल और हथियार बरामद होने के मामले में मंगलवार को दोषी ठहराया। सिंह वर्तमान में पटना की बेउर सेंट्रल जेल में बंद हैं। राजद नेता ने पहले सत्तारूढ़ जनता दल (यूनाइटेड) के नेताओं पर उनके खिलाफ साजिश रचने का आरोप लगाया था।

चुनावी दस्तावेजों के अनुसार अनंत सिंह हत्या, जबरन वसूली, अपहरण और अवैध हथियार रखने सहित कई आपराधिक मामलों का सामना कर रहे हैं।यह मामला 16 अगस्त 2019 को करीब 11 घंटे तक चले तलाशी अभियान के दौरान पुलिस द्वारा विधायक के घर से एक एके-47 राइफल, दो हथगोले, 26 कारतूस और एक मैगजीन की बरामदगी से संबंधित है।

हथियार बरामदगी के बाद फरार रहे सिंह ने एक वीडियो जारी किया था, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि राजनीतिक ताकतें एके-47 राइफल मामले में उनके खिलाफ ‘षड्यंत्र’ कर रहीं हैं और वह पुलिस के सामने आत्मसमर्पण करने के बजाय सीधे अदालत में आत्मसमर्पण करेंगे।विधायक ने अगस्त 2019 में नयी दिल्ली में साकेत अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण किया था। सिंह वर्ष 2005 से मोकामा विधानसभा सीट से चुनाव जीतते रहे हैं। पहले वह बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी माने जाते थे, हालांकि 2015 के बिहार विधानसभा चुनाव से पहले उनका कुमार के साथ मतभेद हो गया था जिसके चलते उन्हें जदयू से बाहर होना पड़ा। बाद में वह राजद में शामिल हो गए थे।
(एजेंसी इनपुट के साथ)

पढ़िए Patna के सभी अपडेट Times Now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।