लाइव टीवी

Pune Crime: शादी करने के लिए घर से फरार हुआ था नाबालिग प्रेमी युगल, ट्रेन में गए पकड़ा; जानिए आगे क्या हुआ

Updated Sep 04, 2022 | 17:37 IST

Pune Police: पुणे में एक नाबालिग जोड़ा शादी रचाने के लिए घर से फरार हो गया। दोनों शादी करने के लिए यूपी भागने की तैयारी में थे। दोनों ने नागपुर की ट्रेन पकड़ ली। टीटीई ने शक होने पर दोनों को जीआरपी को सौंपा। रेलवे पुलिस ने पुणे पुलिस के जरिए लड़की को परिजनों को सुपुर्द कर दिया।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspBCCL
पुणे में नाबालिग जोड़ा शादी करने के लिए हुए घर से फरार, रेलवे पुलिस ने पकड़ा (प्रतीकात्मक तस्वीर)
मुख्य बातें
  • पुणे के हिंजवाड़ी पुलिस स्टेशन में लड़की के गुमशुदा होने की शिकायत कराई गई थी दर्ज
  • शादी करने यूपी जा रहे थे नाबालिग, नागपुर स्टेशन पर पकड़े गए
  • पुलिस ने लड़की को परिजनों को सौंपा

Pune News: पुणे में एक दूसरे के प्यार में अंधा हुआ नाबालिग प्रेमी जोड़ा शादी करने के लिए घर से भाग गया। इसके बाद ट्रेन में सफर कर रहे अन्य यात्रियों को दोनों पर शक हुआ। टीटीई की मदद से नबालिग जोड़े को नागपुर स्टेशन पर उतारकर लोहमार्ग पुलिस को सौंप दिया गया। बता दें कि बालिका के माता-पिता ने पुणे के हिंजवाड़ी पुलिस स्टेशन में अपनी बेटी के गुमशुदा होने की शिकायत भी दर्ज करवाई है।

मिली जानकारी के अनुसार नाबालिग लड़का-लड़की उत्तर प्रदेश में एक ही गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। दोनों की ही आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। गांव में ही नाबालिगों का प्यार परवान चढ़ा। इस बीच लड़की के माता-पिता पूरे परिवार के साथ काम की तलाश में पुणे आ गये। उधर लड़की से दूर हुआ लड़का बुरी तरह बीमार हो गया। उसने पुणे जाकर लड़की से मिलने का मन बनाया। इसके बाद वह पुणे भी पहुंच गया।

शादी करने यूपी जा रहे थे नाबालिग

बता दें कि नाबालिग जोड़ा रेलवे स्टेशन पर मिला। वहीं से दोनों ने शादी करने के लिए यूपी भागने की योजना बना ली, लेकिन वे नागपुर जा रही ट्रेन में बैठ गए। उधर काफी देर तक लड़की के घर न लौटने पर उसके माता-पिता ने हिंजवाड़ी पुलिस थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करा दी। इधर ट्रेन में सफर कर रहे नाबालिग जोड़े पर अन्य सहयात्रियों को शक हुआ। उन्होंने इसकी जानकारी टीटीई को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए टीटीई ने दोनों को स्टेशन पर उतार लिया। फिर नागपुर की लोहमार्ग पुलिस को सूचित करते हुए दोनों को जीआरपी को सौंप दिया।

पुलिस की पूछताछ में प्रेम प्रसंग का चला पता

जानकारी के लिए बता दें कि पीआई काशिद के निर्देश पर महिला एएसआई दीपाली खरात और नाजनीन पठाण ने दोनों को भरोसे में लेकर पूछताछ की तो मामला प्रेम प्रसंग के होने का पता चला। इसके बाद तुरंत ही लड़की के माता-पिता को फोनकर उनकी बेटी के सुरक्षित होने की जानकारी दे दी गई। उनके आने तक दोनों को बाल सुधार गृह में रखा गया। इसके बाद माता-पिता जीआरपी थाने पहुंच गए। उचित कागजी कार्यवाही के बाद लड़की को उसके माता-पिता को सुपुर्द कर दिया गया।