दिग्विजय सिंह और कांग्रेस के 150 कार्यकर्ताओं पर एफआईआर दर्ज, निकाली थी साइकिल रैली

FIR against Digvijaya Singh: भोपाल में साइकिल रैली निकालने के लिए कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है। सिंह ने साइकिल रैली डीजल-पेट्रोल के दाम बढ़ाए जाने के खिलाफ निकाली।

FIR against Congress leader Digvijaya Singh for taking out a cycle protest in Bhopal
डीजल-पेट्रोल की कीमत बढ़ाए जाने पर कांग्रेस का भोपाल में प्रदर्शन।   |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • डीजल और पेट्रोल की कीमत बढ़ने के खिलाफ दिग्विजय सिंह ने साइकिल रैली निकाली
  • भोपाल में साइकिल रैली निकालने पर सिंह और सैकड़ों कार्यकर्ताओं के खिलाफ FIR दर्ज
  • मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने इसे कांग्रेस का राजनीतिक स्टंट बताया, उज्जैन में भी हुए प्रदर्शन

भोपाल : तेल की कीमतों में वृद्धि के खिलाफ भोपाल में बुधवार को साइकिल रैली निकालने पर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह और कांग्रेस के 150 कार्यकर्ताओं के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। ईंधन की कीमतों में वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस नेता ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के आवास के पास साइकिल रैली निकाली। इस रैली में कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए डीजल-पेट्रोल के दाम में हुई वृद्धि वापस लेने की मांग की। कांग्रेस नेता ने कार्यकर्ताओं के साथ रोशनपुरा चौराहे से मुख्यमंत्री चौहान के आवास तक रैली निकाली। 

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक डीजल और पेट्रोल के दामों में हुई वृद्धि के खिलाफ दिग्विजय सिंह ने बुधवार को साइकिल रैली निकाली। इसके लिए कांग्रेस नेता एवं पार्टी के अन्य 150 कार्यकर्ताओं के खिलाफ आईपीसी की धारा 341, 188, 143, 269 और 270 के तहत केस दर्ज हुआ है। 

'कोरोना को पैसा कमाने के जरिया के रूप में देख रही सरकार'
रैली के दौरान राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री सिंह ने कहा कि प्रदेश और केंद्र सरकार कोरोना महामारी को पैसा कमाने का एक जरिया के रूप में देख रही हैं। सिंह ने कहा, 'आज लोग कोविड-19 से संक्रमित हो रहे हैं। महंगाई बढ़ रही है और लोग भूख से मर रहे हैं। ऐसे में केंद्र सरकार ने डीजल और पेट्रोल पर उत्पाद शुल्क बढ़ा दिया है। जैसा कि मोदी जी कहते हैं कि आपदा उनके लिए अवसर है। उनके लिए कोरोना आपदा पैसा कमाने का एक जरिया बन गई है।'

उज्जैन में प्रदर्शन
बता दें कि डीजल और पेट्रोल के दाम में वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस प्रदेश भर में विरोध-प्रदर्शन कर रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने सभी जिलों एवं ब्लॉक स्तर पर रैली निकालने के लिए कहा है। वहीं, कांग्रेस के इस विरोध प्रदर्शन पर राज्य के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने इसे विपक्ष का एक राजनीतिक स्टंट करार दिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उज्जैन में भी विरोध प्रदर्शन किया और मूल्य वृद्धि वापस लेने की मांग की।

Bhopal News in Hindi (भोपाल समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharatपर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) से अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर