इंडियन ऑयल के पूर्व चेयरमैन संजीव सिंह बने मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस के ग्रुप अध्यक्ष

बिजनेस
भाषा
Updated Aug 27, 2020 | 10:37 IST

सरकारी कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी) के पूर्व चेयरमैन संजीव सिंह रिलायंस इंडस्ट्रीज के ग्रुप अध्यक्ष बनाए गए हैं।

Sanjeev Singh, former chairman of Indian Oil, becomes group president of Mukesh Ambani's company Reliance
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के नए अध्यक्ष नियुक्त 

नई दिल्ली : सरकारी ईंधन मार्केटिंग कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी) के पूर्व चेयरमैन संजीव सिंह अरबपति मुकेश अंबानी के नेतृत्व वाली कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के ‘तेल से रसायन कारोबार’ का समूह अध्यक्ष बनाए गए हैं। रिलायंस इंडस्ट्रीज के कार्यकारी निदेशक हीतल आर मेसवानी ने कंपनी के कर्मचारियों को दी गयी एक सूचना में इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इंडियन ऑयल से इस साल 30 जून से रिटायर हुए सिंह रिलायंस इंडस्ट्रीज के कारोबार का नेतृत्व करने वाली टीम का हिस्सा होंगे।

कंपनी के तेल से रसायन कारोबार में गुजरात के जामनगर स्थित दो परिशोधन संयंत्र, पेट्रो रसायन संयंत्र, खुदरा ईंधन व विमानन ईंधन व्यवसाय का 51 प्रतिशत और थोक विपणन व्यवसाय शामिल है। इसमें तेल एवं गैस खोज व्यवसाय शामिल नहीं है।

रिलायंस इंडस्ट्रीज तेल से रसायन (ओ2सी) कारोबार के लिए अलग कंपनी रिलायंस ओ2सी लिमिटेड स्थापित कर रही है। इसकी 20 प्रतिशत हिस्सेदारी 15 अरब डॉलर में सउदी अरामको को बेचने की योजना है। कंपनी ने इससे पहले इसी साल इंडियन ऑयल के एक अन्य पूर्व चेयरमैन सार्थक बेहुरिया को वरिष्ठ सलाहकार बनाया था।

मेसवानी ने कहा कि संजीव समूह विनिर्माण सेवाओं (जीएमएस) संगठन का नेतृत्व और संचालन करेंगे, जो हमारे तेल से रसायन व्यवसाय की रीढ़ है। सिंह ने प्रबंधन में डिप्लोमा के साथ आईआईटी रुड़की से रासायनिक इंजीनियर की पढ़ाई की है। वह तीन साल के लिए आईओसी के चेयरमैन रहे।

Times Now Navbharat पर पढ़ें Business News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर