Clare Connor: बदला MCC का 234 साल पुराना इतिहास, पहली बार महिला ने संभाला अध्यक्ष पद

क्रिकेट
भाषा
Updated Oct 01, 2021 | 19:31 IST

Clare Connor: इंग्लैंड की महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान क्लेयर कोनोर ने शुक्रवार को एमसीसी के अध्यक्ष का पदभार संभालते ही इतिहास रच दिया। वो क्लब के 234 साल के इतिहास में अध्यक्ष बनने वाली पहली महिला हैं। 

Clare-Connor-MCC-President
क्लेयर कोनोर  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • एमसीसी के 234 साल पुराने इतिहास में पहली बार किसी महिला ने संभाला है अध्यक्ष का पद
  • कुमार संगकारा ने की थी क्लेयर कोनोर के अध्यक्ष के रूप में नाम की सिफारिश
  • इंग्लैंड की महिला क्रिकेट टीम की कप्तान रहीं हैं क्लेयर कोनोर

लंदन: इंग्लैंड की पूर्व कप्तान क्लेयर कोनोर ने शुक्रवार को एमसीसी (मेरिलबोन क्रिकेट क्लब) के अध्यक्ष पद का कार्यभार संभाला। वह क्लब के 234 साल के इतिहास में इस पद पर काबिज होने वाली पहली महिला बन गयीं। कोनोर के नामांकन की घोषणा उनके पूववर्ती और श्रीलंका के महान क्रिकेटर कुमार संगकारा ने पिछले साल आम सालाना बैठक में की थी लेकिन कोविड-19 के कारण उन्हें पद संभालने के लिये एक साल का इंतजार करना पड़ा।

एक साल देरी से संभाला पद
महामारी के कारण श्रीलंकाई पूर्व कप्तान का कार्यकाल दो साल तक बढ़ा दिया गया। क्लेयर ने उनकी जगह ली है। एमसीसी क्रिकेट के नियमों का संरक्षक है। कोनोर इस समय इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड की महिला क्रिकेट की प्रबंध निदेशक हैं। उन्हें 2009 में एमसीसी का मानद आजीवन सदस्य बनाया गया था।

19 साल की उम्र में किया था इंग्लैंड के लिए डेब्यू
कोनोर ने 19 साल की उम्र में इंग्लैंड के लिये पदार्पण किया था और 2000 में उन्होंने टीम की कप्तानी संभाली थी। आल राउंडर कोनोर की अगुआई में इंग्लैंड महिला टीम ने 2005 में 42 साल में पहली बार एशेज जीती थी। ब्रुस कार्नेगी ब्राउन ने शुक्रवार को एमसीसी चेयरमैन पद का भार संभाला था।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

अगली खबर