NZ vs SA: मैट हेनरी की घातक गेंदबाजी के सामने दक्षिण अफ्रीका की टीम केवल 95 रन पर ढेर, न्‍यूजीलैंड को मिली अहम बढ़त

क्रिकेट
भाषा
Updated Feb 17, 2022 | 12:49 IST

New Zealand vs South Africa, 1st test: न्‍यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी केवल 95 रन पर समेट दी। न्‍यूजीलैंड की तरफ से तेज गेंदबाज मैट हेनरी ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्‍होंने केवल 23 रन देकर सात बल्‍लेबाजों का शिकार किया।

new zealand vs south africa
न्‍यूजीलैंड बनाम दक्षिण अफ्रीका 
मुख्य बातें
  • न्‍यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को पहली पारी में 95 रन पर समेटा
  • मैट हेनरी ने 23 रन देकर सात विकेट लिए
  • न्‍यूजीलैंड ने पहले दिन के समाप्‍त होने तक 21 रन की बढ़त बनाई

क्राइस्टचर्च: तेज गेंदबाज मैट हेनरी ने अपने घरेलू मैदान हेगले ओवल में करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 23 रन पर सात विकेट चटकाए, जिससे न्यूजीलैंड ने पहले क्रिकेट टेस्ट के पहले दिन गुरुवार को यहां दक्षिण अफ्रीका को पहली पारी में 95 रन पर समेट दिया। न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लैथम ने कप्तानी करते हुए पहली बार टॉस जीता और गेंदबाजी करने का फैसला किया जिसे उनके गेंदबाजों ने बिलकुल सही साबित किया। 

पितृत्व अवकाश पर गए ट्रेंट बोल्ट की जगह टीम में शामिल किए गए हेनरी ने न्यूजीलैंड के खिलाफ नई गेंद संभाली। लंच तक ही दक्षिण अफ्रीका ने 44 रन पर चार विकेट गंवा दिए थे, जिसमें हेनरी ने 16 रन देकर तीन विकेट चटकाए। दक्षिण अफ्रीका की टीम चाय के विश्राम से लगभग 25 मिनट चले 49.2 ओवर में ढेर हो गई। टीम की ओर से जुबेर हमजा ने सर्वाधिक 25 रन बनाए। उनके अलावा दक्षिण अफ्रीका का कोई बल्लेबाज 20 रन के आंकड़े को भी नहीं छू पाया। हेनरी का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन इससे पहले 93 रन पर चार विकेट था।

न्‍यूजीलैंड को महत्‍वपूर्ण बढ़त मिली

न्यूजीलैंड ने इसके जवाब में दिन का खेल खत्म होने तक तीन विकेट पर 116 रन बना लिए थे। मेजबान ने 21 रन की बढ़त हासिल कर ली है। दिन का खेल खत्म होने पर हेनरी निकोल्स 37 जबकि नील वैगनर दो रन बनाकर खेल रहे थे। निकोल्स ने डेवोन कॉनवे (36) के साथ तीसरे विकेट के लिए 75 रन जोड़कर न्यूजीलैंड को दक्षिण अफ्रीका के स्कोर के पार पहुंचाया। डुआने ओलीवर (36 रन पर दो विकेट) ने कॉनवे को बोल्ड करके इस साझेदारी को तोड़ा।

न्यूजीलैंड की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही थी। टीम ने 36 रन के स्कोर तक ही दोनों सलामी बल्लेबाजों लैथम (15) और विल यंग (08) के विकेट गंवा दिए। लैथम को ओलिवर ने बोल्ड किया जबकि यंग ने मार्को जेनसन (11 रन पर एक विकेट) की गेंद पर विकेटकीपर को कैच थमाया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

अगली खबर