धोनी के 18 वर्षीय फैन का जवाब नहीं, 1400 किलोमीटर पैदल सफर कर पहुंचा रांची, माही नहीं मिले तो करने लगा ये जिद

MS Dhoni Fan walks Haryana to Ranchi: एक फैन ने एमएस धोनी से मिलने के लिए हरियाणा से रांची तक का सफर पैदल चलकर ही तय कर लिया। फैन की उम्र महज 18 साल है।

MS Dhoni
एमएस धोनी (फाइल फोटो)  |  तस्वीर साभार: AP
मुख्य बातें
  • धोनी के 18 वर्षीय फैन का जवाब नहीं
  • एक फैन पैदल चलकर रांची पहुंच गया
  • धोनी से मिलने के लिए 1400 किमी चला

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज एमएस धोनी दुनिया के सबसे सफल कप्तानों में से एक हैं। उनके नाम कई बड़े रिकॉर्ड और उपलब्धियां दर्ज हैं। धोनी आईसीसी की तीन ट्रॉफी (टी20 विश्व, वनडे विश्व कप और चैंपियंस ट्रोफी) जीतने वाले दुनिया के इकलौते कप्तान हैं। धोनी को दौलत-शोहरत तो मिली ही, साथ ही उन्होंने लोगों के दिलों पर जबरदस्त छाप छोड़ी। धोनी ने पिछले साल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया, लेकिन उन्हें लेकर लोगों में दीवानगी अब भी पहले जैसी है। हाल ही में अजय गिल नाम के एक फैन ने धोनी से मुलाकात की खातिर कुछ ऐसा किया कि कोई भी जानकर दंग रह जाए।

16 दिन में 1400 किलोमीटर का सफर किया

हरियाणा के रहने वाले 18 वर्षीय अजय गिल पूर्व कप्तान धोनी के जबरदस्त फैन हैं। उन्होंने धोनी से मिलने के लिए हरियाणा के अपने गांव से रांची तक का सफर पैदल चलकर ही तय कर डाला। उन्होंने 29 जुलाई को सफर शुरू किया और 16 दिन में लगभग 1400 किलोमीटर का सफर करने के बाद रांची पहुंचे। हालांकि, अजय की धोनी से मुलाकात नहीं हो पाई, क्योंकि वह जब रांची आए तो माही उस समय चेन्नई में थे। बता दें कि धोनी की अगुवाई में चेन्नई सुपर किंग्स शुक्रवार को आईपीएल 2021 के दूसरे चरण के लिए संयुक्त अरब अमीरत (यूएई) रवाना हो गई। लीग के बचे हुए मैच 19 सितंबर से में खेले जाएंगे।

माही नहीं मिले तो अजय करने लगा ये जिद

टेलिग्राफ इंडिया के मुताबिक, अजय ने कहा कि धोनी जी से मिलकर घर लौटूंगा। धोनी को मिलने के लिए कम से कम 10 मिनट का वक्त देना चाहिए क्योंकि वह काफी दूर से पैदल चलकर आए हैं। हालांकि अजय को जब बताया गया कि धोनी तीन महीने बाद रांची आएंगे तो वह वहीं इंतजार करने की जिद करने लगा। लेकिन फिर वहां मौजूद लोगों के समझाने के बाद अजय फिलहाल वापस लौटने के लिए तैयार हो गया। अजय अपने गांव में एक सैलून में काम करते हैं। वह एक समय क्रिकेटर बनना चाहते थे लेकिन धोनी के संन्यास लेने के बाद उन्होंने खेलना छोड़ दिया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

अगली खबर