अंतरराष्ट्रीय टी20 में स्पेशल हाफसेंचुरी जड़ने वाले पहले भारतीय बने रोहित शर्मा

50 catches in T20 internationals: हिटमैन रोहित शर्मा ने शनिवार को श्रीलंका के खिलाफ सीरीज के दूसरे टी20 में फील्डिंग करते हुए एक स्पेशल अर्धशतक पूरा कर लिया। वो ये उपलब्धि हासिल करने वाले पहले भारतीय हैं। 

captain-Rohit-Sharma
भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा  |  तस्वीर साभार: AP
मुख्य बातें
  • श्रीलंका के खिलाफ धर्मशाला में शनिवार को रोहित शर्मा ने पूरा किया स्पेशल अर्धशतक
  • बने इस मुकाम पर पहुंचने वाले पहले भारतीय और दुनिया के चौथे खिलाड़ी
  • करियर का 124वां टी20 मैच खेलते हुए हिटमैन ने हासिल की ये उपलब्धि

धर्मशाला: लखनऊ में श्रीलंका के खिलाफ 44 रन की पारी के दौरान अंतरराष्ट्रीय टी20 में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड रोहित शर्मा ने अपने नाम किया था। टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने धर्मशाला में खेले जा रहे सीरीज के दूसरे टी20 में अपने नाम एक और उपलब्धि फील्डिंग करते हुए हासिल कर ली। वो अंतरराष्ट्रीय टी20 में 50 कैच लपकने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। 

दिनेश चांदीमल बने 50वां शिकार
श्रीलंका की ​पारी के 15वें ओवर में जसप्रीत बुमराह की गेंद पर दिनेश चांदीमल का कैच लपकते ही रोहित शर्मा अंतरराष्ट्रीय टी20 में 50 या उससे ज्यादा कैच लपकने वाले दुनिया के चौथे खिलाड़ी बन गए। रोहित ने ये उपलब्धि करियर का 124वां टी20 मैच खेलते हुए हासिल की। 

डेविड मिलर के नाम दर्ज हैं सबसे ज्यादा कैच
अंतरराष्ट्रीय टी20 में सबसे ज्यादा कैच लपकने का रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका के डेविड मिलर के नाम दर्ज है। मिलर ने 95 मैच में 69 कैच लपके हैं। उनके बाद इस सूची में दूसरे पायदान पर कीवी खिलाड़ी मार्टिन गप्टिल हैं। गप्टिल के नाम 112 मैच में 64 विकेट दर्ज हैं। तीसरे पायदान पर रोहित शर्मा के साथ साझा रूप से तीसरे पायदान पर पाकिस्तान के शोएब मलिक हैं। दोनों के नाम 50-50 कैच दर्ज हैं। 

रोहित के बाद दूसरे पायदान पर हैं विराट
रोहित के बाद भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय टी20 में सबसे ज्यादा कैच लपकने के मामले में दूसरे पायदान पर विराट कोहली हैं। कोहली के नाम 43 और तीसरे पायदान पर काबिज सुरेश रैना के नाम 42 कैच दर्ज हैं। दुनिया में सबसे ज्यादा कैच लेने के मामले में विराट दुनिया में फिलहाल 13वें और रैना 14वें पायदान पर काबिज हैं। 

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

अगली खबर